
गढ़ाकोटा पुलिस का अवैध गतिविधियों पर ताबड़तोड़ प्रहार, 40 पाव शराब जब्त और 6 जुआरी गिरफ्तार
सागर। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ाकोटा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री, सट्टा संचालन और जुआ खेलने वालों के विरुद्ध एक साथ कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों से 40 पाव अवैध देशी शराब बरामद की, जबकि सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा जुआ फड़ पर दबिश देकर 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं एसडीओपी रहली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान संदीप रैकवार और नईम खान को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20-20 पाव अवैध देशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹4,000 बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में पुलिस ने सट्टा खिलाने के आरोप में राकेश पटैल और हरिशंकर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सट्टा पर्ची, डॉट पेन और नगद राशि बरामद कर सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वहीं, मुखबिर की सूचना पर जगदीश वार्ड स्थित एक मकान के सामने जुआ फड़ पर दबिश देकर पुलिस ने विष्णु दुबे, लवकुश पटेल, खेमचंद पटेल, शिवराम पटेल, अतुल अहिरवार और रचित अहिरवार सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ₹1,070 नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
गढ़ाकोटा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।











