हिंदी माह- सितम्‍बर, 2026 के अंतर्गत हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन

जवाहरलाल नेहरू पुस्‍तकालय, सागर, 11 सितंबर 2026।

डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के माननीय कुलपति प्रो. वाय.एस. ठाकुर के मार्गदर्शन में केन्‍द्रीय राजभाषा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित हिंदी माह–2026 के अंतर्गत विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू पुस्‍तकालय में हिंदी पुस्‍तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।

प्रदर्शनी का उद्देश्य विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को हिंदी साहित्य, ज्ञान-विज्ञान तथा विविध विषयों पर उपलब्ध उत्कृष्ट हिंदी पुस्तकों से परिचित कराना और हिंदी में पठन-पाठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा। प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों से संबंधित हिंदी पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया, जिससे पुस्तक-प्रेमियों एवं विद्यार्थियों में विशेष रुचि देखने को मिली।

इस अवसर पर हिंदी माह-2026 के संयोजक तथा संयुक्त कुलसचिव एवं प्रभारी राजभाषा अधिकारी श्री संतोष सोहगौरा ने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि भाषा, संस्कृति और विचारों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे ले जाने का सशक्त माध्यम हैं। हिंदी में उच्चस्तरीय ज्ञान-संसाधनों की उपलब्धता और उनके प्रति विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की रुचि हिंदी के निरंतर विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ हिंदी में ज्ञान-सृजन और पठन-संस्कृति को विकसित करने की दिशा में ऐसे आयोजन उपयोगी सिद्ध होते हैं।

पुस्‍तक प्रदर्शनी के समन्‍वयक पुस्‍तकालयाध्‍यक्ष डॉ. मोहन टी.ए ने समस्‍त सम्‍मानित शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को हिंदी पुस्‍तक प्रदर्शनी का अवलोकन कर सुवसर का लाभ लेने का अनुरोध किया। पुस्‍तक प्रदर्शनी आयोजन में सह-समन्‍वयक की भूमिका का निर्वहन सहायक पुस्‍तकालयाध्‍यक्ष डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा किया गया। विशेष सहयोग राजभाषा प्रकोष्‍ठ के अभिषेक सक्‍सेना एवं विनोद रजक तथा जवाहरलाल नेहरू पुस्‍तकालय के कर्मचारियों का रहा।

हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों, विभिन्‍न विभागों के सम्‍मानित शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा अधिकारियों एवं विभिन्‍न अनुभागों में कार्यरत कार्मिकों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता सुनिश्चित कर प्रदर्शित पुस्तकों का अवलोकन किया जा रहा है। प्रदर्शनी ने विश्वविद्यालय में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के साथ-साथ हिंदी में अध्ययन और ज्ञानार्जन के प्रति रुचि को भी प्रोत्साहित किया।

हिंदी माह–2026 के अंतर्गत सितम्‍बर माह में विश्‍वविद्यालय में आगे भी विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस क्रम में 14 सितम्‍बर, 2026 को विश्‍वविद्यालय के गौर समिति कक्ष में प्रात: 10:30 बजे से माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की अध्‍यक्षता में अखिल भारतीय स्‍तर पर नवी मुंबई, महाराष्‍ट्र में आयोजित होने जा रहे हिंदी दिवस समारोह-2026 एवं 6वें अखिल भारतीय राजभाषा सम्‍मेलन का सजीव प्रसारण किया जायेगा।

Leave a Comment

Read More