
(प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन 23 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के कार्यक्रमों को भव्य स्वरूप देने पर जोर)
सागर/11.09.2026; प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर नरयावली विधानसभा में संगठनात्मक तैयारियां तेज हो गई हैं। विधायक इंजी. प्रदीप लारिया की अध्यक्षता में विधानसभा के चारों मंडलों की बैठकों में अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर विस्तृत मंथन हुआ।
विधायक लारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की प्रेरणादायी यात्रा है। सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान को केवल आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जनभागीदारी और जनसेवा का व्यापक अभियान बनाएं।
उन्होंने राष्ट्रीय एवं प्रदेश भाजपा द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। विशेष रूप से 23 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों को व्यापक सहभागिता के साथ आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का विचार भाजपा की वैचारिक शक्ति है और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता होगी।
विधायक श्री लारिया ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पहचान उसका सेवा भाव है। नरयावली विधानसभा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ जुटे तो सेवा संकल्प अभियान निश्चित रूप से जनआंदोलन का स्वरूप ले सकता है।
अभियान की तैयारियों को लेकर मकरोनिया नगर मंडल, सदर मंडल तथा मकरोनिया ग्रामीण एवं सागर ग्रामीण मंडल की बैठकें क्रमशः विधायक कार्यालय रजाखेड़ी और सिद्धेश्वर मंदिर सदर में आयोजित हुईं।
बैठकों में जिला महामंत्री चैन सिंह, नपा अध्यक्ष मिहिलाल, ऑफिसर यादव, मंडल अध्यक्ष सौरभ केशरवानी, अशोक सिंह पड़रिया ,अरविंद घोसी, वर्षा विश्वकर्मा, नरेंद्र तिवारी, श्याम सुंदर मिश्रा, संध्या भार्गव, मधु मौर्य, पंकज मुखारया,हरिओम केशरवानी, गणेश केसरवानी, दिलीप नायक, राजेश सिंह राजपूत, शालकराम मिश्रा, रत्नेश सिंह राजपूत सहित मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











