हीरापुर में मकान बना रखा था अवैध शराब का गोदाम, 2.80 लाख की विदेशी मदिरा जब्त


सागर पुलिस, जिला–सागर
दिनांक 10.09.2026

अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग एवं सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हीरापुर में मकान को शराब गोदाम के रूप में किया जा रहा था उपयोग, 261 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद

बंडा जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी मनीष लोधी से शराब के संबंध में मुखबिर की सूचना, तस्दीक एवं जांच जारी

जब्त अवैध शराब की अनुमानित कीमत लगभग ₹2.80 लाख

सागर। जिले में जहरीली एवं अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग एवं सागर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में आज दिनांक 10.09.2026 को कलेक्टर सागर श्रीमती प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशानुसार आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वृत्त बंडा, ग्राम हीरापुर, चौकी हीरापुर, थाना शाहगढ़ क्षेत्र में एक मकान का उपयोग अवैध शराब के गोदाम के रूप में किया जा रहा है।

मुखबिर द्वारा यह भी सूचना दी गई कि उक्त मकान में रखी गई अवैध शराब का संबंध बंडा जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी मनीष लोधी से है। प्राप्त सूचना की तस्दीक एवं अवैध शराब के स्रोत का पता लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा पुलिस बल, चौकी हीरापुर के साथ मौके पर पहुंचकर संबंधित मकान की विधिवत तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान मकान से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी/विदेशी मदिरा बरामद हुई।

बरामद शराब में ओल्ड मोंक व्हिस्की, लंदन प्राइड वोदका, ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की, गोवा रम, व्हाइट मिश्चिफ, रॉयल सिलेक्ट, फॉक्स ऑरेंज, 8 पीएम व्हिस्की, महावत व्हिस्की, रॉयल स्टैग व्हिस्की, ग्रीन लेबल व्हिस्की एवं ब्लैक फोर्ट रम सहित विभिन्न ब्रांड की विदेशी मदिरा शामिल है।

मौके से कुल 261 बल्क लीटर अवैध विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2,80,000 है।

उक्त कार्रवाई के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

आबकारी विभाग एवं पुलिस द्वारा मुखबिर से प्राप्त उस सूचना की भी तस्दीक की जा रही है, जिसमें बरामद अवैध शराब का संबंध बंडा जहरीली शराब प्रकरण के आरोपी मनीष लोधी से बताया गया है। साथ ही बरामद शराब के वास्तविक स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला एवं इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

सागर पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय योगदान

उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी गणपत सिंह बुंदेला, आबकारी उपनिरीक्षक सियाराम चौधरी, राजेंद्र बिलावर एवं शैलेंद्र सिंह, आबकारी मुख्य आरक्षक प्रदीप दुबे, आबकारी आरक्षक दीपेन्द्र उदैनिया, दिलीप, राजवीर सिंह, आरती पटेल, अंकिता साहू एवं पूनम ठाकुर तथा चौकी हीरापुर से प्रधान आरक्षक 290 राजा रजक सहित पुलिस एवं आबकारी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Comment

Read More