
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित
सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के शिक्षा विभाग द्वारा 9 एवं 10 सितंबर 2026 को 60वें अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं तथा साक्षरता रैली आयोजित की गई।
10 सितंबर को अभिमंच सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. अर्चना पांडे ने साक्षरता दिवस के इतिहास तथा बदलते युग में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। माननीय कुलपति प्रो. यशवंत सिंह ठाकुर ने कहा कि केवल साक्षर होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हमारे आचरण, पारस्परिक व्यवहार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी में भी शिक्षा प्रतिबिंबित होनी चाहिए।
शिक्षा विभाग के अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझने और निभाने की प्रेरणा देते हैं। संयोजक डॉ. मेघा दास ने कहा कि साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का माध्यम है। कहानी, कविता और कला जैसे रचनात्मक माध्यमों से भी समाज में साक्षरता एवं जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा डॉ. मेघा दास द्वारा लिखित दो पुस्तकों का विमोचन किया गया। अंत में कुलपति द्वारा उपस्थित सभी को साक्षरता शपथ दिलाई गई। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।











