
सागर 10 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद सागर जिला प्रशासन ने जिले में अवैध दूषित शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कई क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध ढाबों, अतिक्रमण और शराब के अवैध ठिकानों पर अतिक्रमण हटाने की कारवाई की।
ढाबों की जांच और बदौना में अवैध शराब जब्त
कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशन में प्रशासनिक टीमों ने भोपाल रोड स्थित पृथ्वी ढाबा क्षेत्र, बदौना और सुरखी क्षेत्र में फोरलेन पर संचालित ढाबों पर अचानक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान अवैध गतिविधियों और दूषित शराब के नेटवर्क की गहनता से जांच की गई। बदौना क्षेत्र में अवैध रूप से देशी शराब बेचे जाने की सूचना पर टीम ने छापेमारी कर मौके से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की। साथ ही, शराब बेचने के लिए बनाए गए अवैध डिब्बों और अस्थायी ढांचों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
कॉलेज के पास से हटीं 10 दुकानें, आवागमन हुआ सुचारू
अभियान के तहत सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी की मौजूदगी में अतिक्रमण रोधी दस्ते ने शासकीय आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के पास बड़ी कार्रवाई की। कॉलेज परिसर के आसपास सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर बनाई गई 10 अवैध दुकानों को हटाया। इस कार्रवाई से लंबे समय से बाधित हो रहा आवागमन सुचारू हुआ और राहगीरों को राहत मिली।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण और अवैध दूषित शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे माफियाओं पर निरंतर कार्रवाई जारी रखी जाए। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक जमीनों पर कब्जा न करें और अवैध शराब या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस व संबंधित विभाग को दें।











