
प्रजातंत्र जनता का, जनता के द्वारा और जनता के लिए हैं, यही उसकी मूल आत्मा है : विधायक शैलेंद्र जैन
एक्सीलेंस गर्ल्स कॉलेज में युवा संसद का हुआ मंचन
सागर
प्रजातंत्र जनता का, जनता के द्वारा तथा जनता के लिए हैं। यही प्रजातंत्र की मूल आत्मा है। इस देश में सब कुछ संविधान के अनुसार होता है। इन संवैधानिक नियमों के साथ ही कुछ प्रचलित परंपराएं भी चलती हैं, यही परंपराएं सदन में भी मान्य है। इसके साथ ही सदन की गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी सदस्यों की रहती है। सदन में विपक्ष की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सत्ता पक्ष के ऊपर अंकुश लगाने का कार्य विपक्ष का ही रहता है। लेकिन विपक्ष को भी इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उनका विरोध जन विरोधी न हो। यह बात विधायक शैलेंद्र जैन ने युवा संसद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
गुरुवार को एक्सीलेंस गर्ल्स कॉलेज में युवा संसद का मंचन किया गया। जिसमें छात्राओं ने सदन का सजीव चित्रण करते हुए विधानसभा में होने वाली कार्यवाहियों और प्रश्नकाल की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद राज बहादुर सिंह भी उपस्थित रहे। विधायक शैलेंद्र जैन ने सदन में होने वाली कार्यवाहियों की बारीकी से जानकारी देते हुए छात्राओं के लिए बताया कि जब सदन में अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बोलते हैं तो सभी के लिए उन्हें सुनना पड़ता है। उन्होंने बताया कि कोई भी विधानसभा सदस्य सीधे सरकार से सवाल नहीं पूछ सकता। सवाल पूछने के पहले उन्हें अध्यक्ष से संबोधन शुरू करना पड़ता है। इसके बाद अध्यक्ष संबंधित विभाग के मंत्री के लिए उसका जवाब देने के लिए कहते हैं। संबंधित मंत्री भी अध्यक्ष से ही संबोधन करते हुए जवाब देते हैं। वहीं उन्होंने संसदीय मंत्री की प्रक्रिया के बारे में भी छात्राओं के लिए जानकारी दी। विधायक जैन ने युवा संसद में छात्राओं की सहभागिता को देखकर उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान सांसद राज बहादुर ने भी छात्राओं के लिए संबोधित करते हुए अपने अनुभवों को साझा किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर मनीषा विनय मिश्रा मौजूद रहीं। वही कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य आनंद तिवारी ने की।
कार्यक्रम मैं अरविंद जैन, सर्वेश उपाध्याय, सुनीता तिवारी, रजनी दुबे, प्रहलाद सिंह, अंशु सोनी, दीप्ति चंदेरिया, प्रासुक जैन समेत बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।











