
::: प्रेस विज्ञप्ति :::
नेशनल क्लीन एअर प्रोग्राम(NCAP) अंतर्गत सयुक्त प्रयासों से बेहतर हो रहा सागर का पर्यावरण
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम(NCAP) की बैठक
सागर दिनांक 9 मार्च 2024
सागर स्मार्ट सिटी कार्यालय में सोमवार को क्लाइमेट चेंज और पर्यावरण सुधार के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर चलाये गये नेशनल क्लीन एअर प्रोग्राम(NCAP) अभियान की बैठक सम्पन्न हुई। निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न इस बैठक में पर्यावरण सुधार हेतु विस्तार से चर्चा की गई। सागर शहर के पर्यावरण को और बेहरत बनाने के लिए सिटी इंप्लीमेंटेशन कमेटी के स्टेक होल्डर्स जिला प्रशासन, नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी, पुलिस विभाग, आरटीओ, खाद्य आपूर्ति विभाग आदि के प्रतिनिधियों द्वारा केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सयुक्त रूप से वार्षिक प्लान बनाकर क्रियान्वयन किया जा रहा है प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों ने बताया की पिछले कुछ वर्षों से लगातार वायुगुणवत्ता में सुधार हुआ है। और विभिन्न गणनाओं के आंकड़े संतुष्टि पूर्ण प्राप्त हो रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया की स्मार्ट सिटी द्वारा किये गये पार्क निर्माण कार्य, पेवर लगाने का कार्य सहित प्लांटेशन आदि से शहर की रैकिंग में सुधार आया है।
निगमायुक्त खत्री ने कहा की भोपाल रोड और न्यू आरटीओ के पास नवनिर्मित दोनों बस स्टेण्डों का संचालन प्रारम्भ होते ही बसों का अधिकांश हेवी ट्रेफिक शहर से बाहर होगा जिससे यातायात जाम की स्थिति समाप्त होगी और इसके कारण होने वाले वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण आदि में बहुत हद तक कमी आयेगी। शहर के अधिकांश रोडों का डामरीकरण या सीसी निर्माण किया जा रहा है साथ ही इनके सोल्डर पर पेवर ब्लॉक लगाये जा रहे हैं इससे धूल की समस्या को कई हदतक कम किया जा सकेगा और स्विपिंग के माध्यम से साफ-स्वच्छ रखा जा सकेगा।उन्होंने कहा की रोडों के किनारे डस्ट क्लिनिंग और मलवा आदि हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। धूल और वाहनों का धुँआ वायु प्रदूषण के प्रमुख कारक हैं। हम नवाचार के रूप में एक पहल करेंगे जिसमें डस्ट क्लिनिंग आदि रात्रि में 10 बजे के बाद की जाये इस समय वाहनों की आवाजाही कम होने लगती है अधिकांश वाहन खड़े रहते हैं। इस पहल से धूल और धुएँ के वायुगुणवत्ता पर प्रभाव को अलग-अलग देखा जा सकेगा। भवन एवं अन्य निर्माणों और तोड़फोड़ के दौरान निकलने वाले मलवे ( कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिश्ड वेस्ट) को तत्काल स्मार्ट सिटी द्वारा नवनिर्मित अत्याधुनिक सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट भेजकर प्रोसेस कराने हेतु समुचित प्रयास किये जा रहे हैं। व्यवस्थित और सुगम यातायात सुविधाओं की शहर के विस्तार और पर्यावरण सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका है। सागर में इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। जिससे धुएँ और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकेगा। शहर में उपलब्ध पर्याप्त क्षेत्रफल वाले स्थलों पर सघन वृक्षारोपण कर नगर वाटिका एवं नगर वन के रूप में विकसित किया जायेगा। इससे शहर में हरियाली बढ़ेगी साथ ही ऑक्सीजन स्तर और बेहतर होगा नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। तकनीकी संस्थान के रिसर्चस शहर के अलग-अलग स्थलों पर एनकेप हेतु आवश्यक मापदंडो पर सर्वे और स्टडी करेंगे। इसके आधार पर जहाँ सुधार की आवश्यकता है वहाँ सुधार कार्य करायेंगे।
बैठक में केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड, पुलिस विभाग, पॉल्यूशन बोर्ड सागर, नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारी/कर्मचारी सहित एनकेप कंसल्टेंट टीम के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।











