मध्यप्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर–उप मुख्यमंत्री शुक्ल

मध्यप्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर–उप मुख्यमंत्री शुक्ल

चितौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के 15 हजार से अधिक ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होगी– विधायक लारिया

( विधायक लारिया ने विधानसभा सत्र में चितौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ कराने की रखी थी मांग)

सागर/02.08.2025

नरयावली विधानसभा में स्वास्थ्य सुविधाओं का क्रमबद्ध विस्तार हो रहा है। विधायक प्रदीप लारिया के अथक प्रयासों से चितौरा में 1करोड़ 84 लाख रु. की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण एवं अस्पताल का शुभारंभ शनिवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल के मुख्य आतिथ्य में एवं विशिष्ट अतिथि गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, डॉ. लता वानखेड़े, सांसद, लोकसभा क्षेत्र सागर, श्याम तिवारी, जिला अध्यक्ष भाजपा सागर एवं रानी कुशवाहा, जिला अध्यक्ष भाजपा ग्रामीण की विशेष उपस्थिति में विधिवत पूजा अर्चना कर फीता काटकर किया गया।
मुख्य अतिथि राजेंद्र शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।आज नरयावली विधानसभा के चितौरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इस बात का प्रतीक है। इस केंद्र के शुभारंभ हो जाने से आसपास के लगभग 25-30 गांवों को उनके नजदीक ही 24 घंटे, सातों दिन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एक बड़ी उपलब्धि है, इससे स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं लेने के लिए सिविल अस्पताल तक नहीं जाना पड़ेगा। इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव हेतु लेबर रूम, महिला एवं पुरुष वार्ड, माइनर ओटी, ड्रग स्टोर रूम, कोल्ड चैन रूम, वैलनेस रूम, प्रयोगशाला का निर्माण किया गया है। यहां चिकित्सा सेवाएं 24×7 उपलब्ध रहेंगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक लारिया ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पणों से स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। नरयावली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। हमारी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आज जिले के प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल के करकमलों से चितौरा को एक नई सौगात के रूप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के लोकार्पण के साथ साथ अस्पताल का शुभारंभ भी हो रहा है, जो स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस केंद्र के प्रारंभ होने से आसपास के 25- 30 ग्रामों के लगभग 12 से 15 हजार से अधिक ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होगी। इसके शुभारंभ से न केवल दवाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित होगी, बल्कि क्षेत्र के अधिक से अधिक मरीजों का इलाज भी हो सकेगा। चितौरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का लोकार्पण एवं शुभारंभ होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण है। विधानसभा सत्र में मैंने चितौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ कराने की मांग रखी थी जिस पर स्वास्थ्य मंत्री श्री शुक्ल ने इसे शीघ्र शुभारंभ करने का आश्वासन दिया था। आज वे स्वयं इसका शुभारंभ कर रहे मैं प्रभारी मंत्री जी द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के रूप में दी गई सौगात पर पूरे क्षेत्र की ओर से धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं।
इस अवसर पर सांसद लता वानखेड़े ने भी अपना उद्बोधन दिया।
इस अवसर पर प्रभुदयाल पटेल, नपा अध्यक्ष मिहिलाल, विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठजन, मंडल अध्यक्ष, पाषर्दगण, सरपंचगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Read More