चंद्रापार्क चौपाटी की बकाया दुकानों पर स्मार्ट सिटी की बड़ी कार्रवाई, तालाबंदी; सोमवार तक भुगतान नहीं तो आवंटन होगा निरस्त

चंद्रापार्क चौपाटी की बकाया दुकानों पर स्मार्ट सिटी की बड़ी कार्रवाई, तालाबंदी; सोमवार तक भुगतान नहीं तो आवंटन होगा निरस्त

सागर। सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए चंद्रापार्क चौपाटी की बकाया दुकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई शुरू कर दी है। निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ राजकुमार खत्री के निर्देश पर अधिकारियों ने गुरुवार को बकाया राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों की दुकानों पर ताले लगा दिए। साथ ही अंतिम चेतावनी देते हुए सोमवार तक शेष राशि जमा करने का समय दिया गया है।
स्मार्ट सिटी प्रशासन के अनुसार, चंद्रापार्क चौपाटी सहित सभी राजस्व आधारित परियोजनाओं से शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में चंद्रापार्क चौपाटी के दुकानदारों को कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के लिए कहा गया था, लेकिन कई दुकानदारों ने निर्धारित समय सीमा के बाद भी भुगतान नहीं किया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022-23 में चंद्रापार्क चौपाटी की 14 दुकानों का आवंटन किया गया था। प्रत्येक दुकान के लिए लगभग 14 लाख रुपये की राशि अनुबंध के अनुसार जमा की जानी थी। कुछ दुकानदारों ने नोटिस मिलने के बाद आंशिक भुगतान किया, जबकि कई दुकानदार लगातार नोटिस के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं कर रहे हैं।
गुरुवार को चंद्रापार्क चौपाटी प्रोजेक्ट प्रभारी प्रवेश राठौर नगर निगम के अतिक्रमण दल के साथ मौके पर पहुंचे और बकायादार दुकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित दुकानदार सोमवार तक पूरी बकाया राशि जमा नहीं करते हैं, तो उनकी दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।
स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने संकेत दिए हैं कि राजस्व वसूली में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

Read More