
सुरखी पुलिस की दोहरी सफलता: 14 वर्षीय अपहृता सकुशल बरामद, स्थायी वारंटी गिरफ्तार कर भेजा जेल
सागर, 30 जुलाई। सागर जिले की सुरखी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए एक ओर 14 वर्षीय अपहृत बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया, वहीं लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में थाना सुरखी पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई की।
तकनीकी सहायता से सकुशल मिली अपहृत बालिका
थाना सुरखी में दर्ज अपराध क्रमांक 248/2026 के तहत 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया और 30 जुलाई को बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
फरार स्थायी वारंटी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा
दूसरी कार्रवाई में सुरखी पुलिस ने न्यायालय से जारी स्थायी वारंट के तहत फरार चल रहे आरोपी अजय (42 वर्ष), निवासी बस स्टैंड ढाना को सागर स्थित पैराडाइज होटल से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ प्रधान कुटुंब न्यायालय, दमोह द्वारा धारा 125(3) दंड प्रक्रिया संहिता के तहत स्थायी वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
नाबालिग बालिका की बरामदगी में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक दयाबाई ठाकुर, आरक्षक प्रमोद और महिला आरक्षक कांति राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं स्थायी वारंटी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक सत्यव्रत धाकड़ और आरक्षक अभिषेक सेन ने विशेष योगदान दिया।











