नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने चार मंडलों में ली संगठनात्मक बैठकें, आगामी राष्ट्रवादी एवं संगठनात्मक अभियानों को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने चार मंडलों में ली संगठनात्मक बैठकें, आगामी राष्ट्रवादी एवं संगठनात्मक अभियानों को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

सागर, 06 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के आगामी राष्ट्रव्यापी एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को नरयावली विधानसभा के चार मंडलों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। मकरोनिया नगर मंडल की बैठक रजाखेड़ी स्थित विधायक कार्यालय, सदर मंडल की बैठक सिद्धेश्वर मंदिर (सदर), मकरोनिया ग्रामीण मंडल की बैठक कर्रापुर स्थित राठौर मैरिज हॉल तथा सागर ग्रामीण मंडल की बैठक किशनपुरा (उदयपुरा तिवारी) में खेमराज कुर्मी के निवास पर संपन्न हुई।

बैठकों में नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रत्येक अभियान को संगठन की शक्ति एवं जनसहभागिता के माध्यम से ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने का आह्वान किया।

अपने उद्बोधन में विधायक लारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और जनजागरण के प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाला ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, कर्तव्यबोध और देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करेगा। उन्होंने सभी मंडलों एवं बूथ समितियों से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर प्रत्येक परिवार तक तिरंगा पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को अपने घर एवं प्रतिष्ठान पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम दस तिरंगे लगाए जाएं तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े सभी नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि नरयावली विधानसभा में 13 अगस्त को मकरोनिया मंडल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके लिए मंडल एवं बूथ स्तर पर टोली गठन, व्यापक जनसंपर्क तथा युवाओं, मातृशक्ति, पूर्व सैनिकों, प्रबुद्धजनों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विधायक  लारिया ने कहा कि स्वतंत्रता पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास, बलिदानी परंपरा और राष्ट्रीय दायित्वों का स्मरण कराने का पावन अवसर है। इसी क्रम में 12 से 14 अगस्त तक महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, वीर सैनिकों एवं उनके परिजनों का सम्मान तथा ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्षों से जुड़े कार्यक्रम राष्ट्रभावना को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि प्रत्येक आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित कर इन्हें जनचेतना के अभियान के रूप में स्थापित किया जाए।

बैठकों में विधायक  लारिया ने अखिल भारतीय संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 17 अगस्त से प्रारंभ होने वाली समरसता संकल्प कलश यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सामाजिक समरसता, संत परंपरा के आदर्शों तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। नरयावली विधानसभा क्षेत्र में यात्रा जिन-जिन स्थानों से होकर गुजरेगी, वहां भव्य स्वागत, कलश पूजन एवं सामाजिक समरसता के संदेश के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अंत में विधायक लारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, संगठन और राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करते हुए आगामी सभी कार्यक्रमों को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करे। जब प्रत्येक कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार तक पहुंचेगा, तभी राष्ट्रभक्ति का यह उत्सव समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और विकसित, समरस एवं आत्मगौरव से परिपूर्ण भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी, सौरभ केशरवानी, अशोक सिंह, अरविन्द घोसी, प्रभुदयाल कुशवाहा, अध्यक्ष कुश कल्याण बोर्ड, मिहीलाल नपाध्यक्ष, जयंती मौर्य, नरेंद्र तिवारी, श्याम सुंदर मिश्रा, पंकज मुखारया, शशांक पांडे, शैलेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह,शालकराम मिश्रा ,राजेश राजपूत, रत्नेश राजपूत सहित मंडल पदाधिकारी-कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

Read More