बीना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 110 लीटर अवैध शराब जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

बीना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 110 लीटर अवैध शराब जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
21 शराबियों पर कार्रवाई, 15 स्थाई और 12 गिरफ्तारी वारंट तामील; 25 उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
बीना। अपराधों की रोकथाम और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सागर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बीना पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान व्यापक कार्रवाई की। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से कुल 110 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत करीब 57,500 रुपये है, जब्त की। कार्रवाई में शराब परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी बीना श्री अजय सनकत के नेतृत्व में थाना बीना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
दो स्थानों से पकड़ी अवैध शराब
पुलिस को देहरी रोड अंडरब्रिज के पास दो व्यक्तियों के मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लेकर खड़े होने की सूचना मिली। मौके पर कार्रवाई करते हुए उमाशंकर सोनी और प्रमोद जोगी को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 200 पाव प्लेन और 100 पाव लाल मसाला शराब, कुल 300 पाव, करीब 26 हजार रुपये कीमत की शराब तथा मोटरसाइकिल जब्त की गई।
इसी तरह ग्राम शब्दा पाली की पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए धर्मेन्द्र विश्वकर्मा और दीपक यादव को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 315 पाव शराब, कीमत करीब 31,500 रुपये, तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
खुले में शराब पीने वालों पर भी शिकंजा
कॉम्बिंग गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए 21 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने धारा 36(बी) आबकारी एक्ट के तहत कुल 6 प्रकरण दर्ज किए।
27 वारंटी पकड़े गए
बीना पुलिस ने न्यायालयीन प्रकरणों में लंबे समय से फरार वारंटियों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 15 स्थाई वारंट और 12 गिरफ्तारी वारंट, कुल 27 वारंट तामील किए गए।
25 उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
विभिन्न स्थानों पर उत्पात और उपद्रव करने वाले 25 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
शराब के नशे में वाहन चलाने पर कार्रवाई
पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी कार्रवाई की। बीना निवासी लखन यादव को शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते पाए जाने पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
अपराधियों में मचा हड़कंप
बीना पुलिस की इस कॉम्बिंग गश्त में एक साथ अवैध शराब, खुले में शराब पीने वालों, वारंटियों, उपद्रवियों और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
कार्रवाई में थाना बीना पुलिस के निरीक्षक अनूप यादव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More