
स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल सम्पन्न
पीटीसी ग्राउंड सागर में पुलिस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास, अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सागर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सागर मुख्यालय स्थित पीटीसी ग्राउंड में आयोजित होने वाले भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं पुलिस परेड की तैयारियों के क्रम में आज पुलिस परेड का अंतिम एवं फाइनल रिहर्सल सम्पन्न हुआ।
फाइनल रिहर्सल का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के निर्देशन में किया गया। इस दौरान परेड की प्रत्येक गतिविधि का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
फाइनल रिहर्सल के दौरान नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री द्वारा सलामी ली गई तथा उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी द्वारा किया गया, जबकि सेकेंड कमांड की जिम्मेदारी सूबेदार हेमंत पटेल द्वारा निभाई गई।
पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा निर्धारित अनुशासन, कदमताल, सलामी, मार्चपास्ट एवं अन्य परेड गतिविधियों का सटीक, अनुशासित एवं गरिमापूर्ण प्रदर्शन किया गया। परेड में जवानों ने उत्कृष्ट तालमेल एवं अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए अपनी पूर्ण तैयारी का परिचय दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड का नेतृत्व कर रहे रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी सहित उपस्थित अधिकारियों को परेड की एकरूपता, अनुशासन, समयबद्धता, मार्चिंग की गति, सलामी एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था एवं कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक पुलिस व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए परेड मंच सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां एवं सुरक्षा व्यवस्था नगर पुलिस अधीक्षक सागर ललित कश्यप एवं रक्षित निरीक्षक राजेश कुमरे के नेतृत्व में पूर्ण की गई हैं। कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, परेड ग्राउंड एवं मंच की तैयारियों का भी अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया।
फाइनल रिहर्सल के माध्यम से 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पुलिस विभाग द्वारा समारोह को गरिमामय, अनुशासित, व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
सागर पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं आवश्यक पुलिस व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।











