मोबाइल से भक्ति की ओर बढ़ते नन्हे कदम, देवरी नगर में खाटू श्याम परिवार ने निकाली विशाल कांवड़ यात्रा

मोबाइल से भक्ति की ओर बढ़ते नन्हे कदम, देवरी नगर में खाटू श्याम परिवार ने निकाली विशाल कांवड़ यात्रा

देवरीकलां। श्री खाटू श्याम परिवार के नेतृत्व में सोमवार को सुखचैन वार्ड स्थित खाटू श्याम मंदिर से विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा एवं श्रद्धालु शामिल हुए। कांवड़ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए फूटा मंदिर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने नर्मदा जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
यात्रा के दौरान पूरा नगर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह लोगों ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया।
नन्हे बच्चों की भक्ति बनी आकर्षण का केंद्र
कांवड़ यात्रा में छोटे-छोटे बच्चों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। हाथों में कांवड़ लेकर भगवान शिव की भक्ति में लीन नन्हे बच्चों ने राहगीरों और नगरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पत्रकार नितिन ठाकुर ने कहा कि आज के दौर में बड़ी संख्या में बच्चे मोबाइल और सोशल मीडिया की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे समय में नन्हे बच्चों का धार्मिक यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होना सनातन संस्कृति और संस्कारों की सुंदर मिसाल है। उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
श्रद्धालुओं ने कहा कि कांवड़ यात्रा में बच्चों की भागीदारी यह संदेश देती है कि आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को भी आगे बढ़ाया जा सकता है। धार्मिक आयोजनों में बच्चों की सहभागिता उन्हें संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा और पूरा वातावरण भगवान शिव के जयकारों से गूंजता रहा। कांवड़ यात्रा में नगरपालिका अध्यक्ष नेहा जैन, पत्रकार नितिन ठाकुर, राहुल विश्वकर्मा, मोना ठाकुर, नैतिक, बेटू, पीयूष, अमन, ललित, धैर्य ठाकुर, लक्ष्य ठाकुर, कमल, अमन रजक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

Leave a Comment

Read More