
‘सम्मान जो समाज के काम आए’ पहल से 24 विद्यार्थियों को साइकिल, 155 बच्चों को शैक्षणिक सामग्री, 70 स्कूली बैग, 30 छाते, 70 महिलाओं को कंबल, 10 परिवारों को मच्छरदानी का वितरण
खुरई। ‘सम्मान जो समाज के काम आए’ संकल्प के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुगाहा कलां, धनोरा मंडल में सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष सरोज भूपेन्द्र सिंह की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में 24 विद्यार्थियों को साइकिल, 155 बच्चों को शैक्षणिक सामग्री, 70 स्कूली बैग, 30 छाते, 70 महिलाओं को कंबल, 10 परिवारों को मच्छरदानी तथा दो भागवत गीता का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों ने सेवा एवं सहयोग की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया।
सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि ‘सम्मान जो समाज के काम आए’ का उद्देश्य सम्मान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उसे समाज के उपयोग में लाना है। पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने संकल्प लिया है कि वे स्वागत के दौरान माला और गुलदस्ता स्वीकार करने के स्थान पर ऐसी सामग्री लेने को प्राथमिकता देंगे, जिसका उपयोग बच्चों और जरूरतमंदों के हित में किया जा सके। इसी भावना के अनुरूप विभिन्न स्थानों पर विद्यार्थियों को ड्रेस, टिफिन, कॉपी, पेन, बैग, पेंसिल सहित उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और जरूरतमंद परिवारों को भी आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दूर-दराज से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए आवागमन की सुविधा महत्वपूर्ण है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी। मध्यप्रदेश शासन की योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों को उठाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सुविधाओं का उपयोग अपनी पढ़ाई और भविष्य को बेहतर बनाने के लिए करें तथा अपने लक्ष्य को लेकर पूरी गंभीरता और मेहनत के साथ आगे बढ़ें।
सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए भी लगातार कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने क्षेत्र में अनेक विकास कार्य कराए हैं और शिक्षा के क्षेत्र में बेटा-बेटियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया है। क्षेत्र में स्कूल और कॉलेजों के विस्तार के साथ सड़कों के निर्माण से भी ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और शिक्षा की सुविधाओं को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि दुगाहा कलां क्षेत्र के छात्र-छात्राओं की लंबे समय से मांग थी कि यहां उच्चतर माध्यमिक स्तर की शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो। इस मांग को ध्यान में रखते हुए यहां हायर सेकेंडरी स्कूल की मंजूरी दिलाई गई है, जिससे अब विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए महत्वपूर्ण है और इससे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार होगा।
सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता दी जा रही है। ड्रेस के लिए राशि विद्यार्थियों के खातों में पहुंचाई जा रही है तथा साइकिल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे इन सुविधाओं का सदुपयोग करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि गांव और क्षेत्र के बच्चे आगे बढ़कर डॉक्टर, कलेक्टर, इंजीनियर सहित विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर पहुंचें और अपने परिवार, विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत खुरई के अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह, रामाधार शर्मा, रामकुमार बघेल, भूपेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजा सिंह, सरदार सिंह राजपूत, सुरेंद्र सिंह, रामसहाय कुशवाहा, माधव सिंह, संजय शर्मा, मुरलीधर कुशवाहा, गोविंद कुशवाहा, रामकुमार सिंह, प्रकाश सिंह, हम्मीर सिंह, कोमल चढ़ार एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती पूनम शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











