
मंत्रालय कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन, कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों के लिए जताया आभार
भोपाल, 25 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया अब रुकने वाली नहीं है। पदोन्नति का क्रम अब साल दर साल जारी रहेगा। इस वर्ष सभी विभागों में पदोन्नति के लिए डीपीसी की प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है और सभी पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कर्मचारी हित में राज्य सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों के लिए मंत्रालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया।
“देरी से लिया गया निर्णय भी अन्याय के समान”
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पदोन्नति मिलने के बाद कर्मचारियों के चेहरे पर जो प्रसन्नता दिखाई देती है, वह उनके परिवार की खुशी से भी जुड़ी होती है। प्रदेश के विकास और जनकल्याण के कार्यों में शासकीय कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों को समय पर वेतन, भत्ते और पदोन्नति सहित सभी पात्र लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों को उनके अधिकार समय पर मिलना जरूरी है, क्योंकि देरी से लिया गया निर्णय भी अन्याय के समान होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित और उनके प्रमोशन के साथ अपना “इमोशन” जोड़कर निर्णय लिया है। कर्मचारियों के हित में लिए जा रहे निर्णय उनके मन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और उनके परिवारों में भी खुशी लाते हैं।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पारदर्शी निर्णय और दृढ़ संकल्प सुशासन के आधार स्तंभ हैं। राज्य सरकार भी कर्मचारियों सहित समाज के सभी वर्गों के हित में कल्याणकारी निर्णय लेने के लिए सदैव तत्पर है।
उन्होंने मंत्रालय में कार्यरत कर्मचारी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी और विक्रम अवॉर्ड विजेता सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी सुश्री जागृति पटेल और विक्रम अवॉर्ड विजेता सुश्री अंजली वर्मा को सम्मानित किया।
विधायक भगवानदास सबनानी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव कर्मचारियों के वेतन-भत्तों के साथ उनके आवास की भी चिंता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसान, गरीब, महिला और युवा सहित समाज के सभी वर्गों के लिए जनहितैषी निर्णय लिए हैं।
कार्यक्रम के आयोजक एवं संयोजक श्री सुभाष वर्मा ने मंत्रालय परिवार की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर 2023 से राज्य के कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय हुए। वर्ष 2013 से रुके भत्तों का भुगतान किया गया। इसके बाद वर्ष 2026 में प्रदेशभर के 1 लाख 25 हजार से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति हुई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यकाल में कर्मचारी हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। जनकल्याण के लिए मजबूत प्रशासनिक तंत्र आवश्यक है और मुख्यमंत्री दृढ़ संकल्प के साथ इस दिशा में कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा सहित विभिन्न शासकीय कर्मचारी संघों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी भाई-बहन उपस्थित रहे।











