
सागर, 29 अगस्त 2026।
सागर पुलिस के सीसीटीवी कंट्रोल रूम की तत्परता और तकनीकी दक्षता के चलते ऑटो में छूटा एक यात्री का बैग करीब दो घंटे की लगातार मेहनत के बाद सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बैग में ₹5,000 नगद, कपड़े और घर की महत्वपूर्ण चाबियां रखी हुई थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश पटेल निवासी पथरिया जाट, खुरई बस से सागर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से उन्होंने ऑटो लेकर सिविल लाइन की यात्रा की। सिविल लाइन पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में नगदी और घर की चाबियां होने के कारण वे काफी परेशान हो गए।
सुरेश पटेल सहायता के लिए थाना सिविल लाइन पहुंचे, जहां से उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम भेजा गया। उन्होंने प्रभारी कंट्रोल रूम आर.के.एस. चौहान को घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने बैग तलाशकर सुरक्षित वापस दिलाने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही प्रभारी कंट्रोल रूम ने सीसीटीवी ऑपरेटर त्रिलोक सिंह परिहार एवं रेखा रजक को ऑटो की पहचान कर बैग तलाशने के लिए लगाया। टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद ऑटो की पहचान हो गई, हालांकि उसका नंबर स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहा था।
इसके बाद टीम ने ऑटो के पूर्व मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पीछे की ओर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त हुआ। नंबर के आधार पर ऑटो मालिक की जानकारी और मोबाइल नंबर हासिल कर उससे संपर्क किया गया।
ऑटो मालिक को कंट्रोल रूम बुलाकर ऑटो की जांच की गई, जहां यात्री का बैग पीछे सुरक्षित रखा हुआ मिल गया। बैग में रखे ₹5,000 नगद, कपड़े और घर की चाबियां भी सुरक्षित थीं।
अपना सामान वापस मिलने पर सुरेश पटेल ने राहत की सांस ली और सागर पुलिस का आभार जताया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, प्रभारी कंट्रोल रूम आर.के.एस. चौहान सहित सीसीटीवी कंट्रोल रूम की पूरी टीम को धन्यवाद दिया।
तकनीक से नागरिकों की सहायता में सागर पुलिस की अहम भूमिका
सागर पुलिस अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की सहायता के लिए भी आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑटो की पहचान कर यात्री का महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित वापस दिलाना इसका एक उदाहरण है।
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की अच्छी तरह जांच कर लें। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।











