सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो शेयर कर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार


सागर। थाना कैंट पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो शेयर कर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार बटनदार चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर निगरानी के दौरान एक युवक द्वारा हथियारों का प्रदर्शन किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने आरोपी की पहचान हर्ष पिता सीताराम राय, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिवाजी चौक के पास, थाना कैंट, सागर के रूप में की।
पुलिस टीम ने आरोपी को कजलीवन मैदान के पास से पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का धारदार एवं बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना कैंट में धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
कैंट पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के प्रदर्शन, आपत्तिजनक पोस्ट एवं संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी निगरानी के चलते पुलिस को आरोपी के संबंध में जानकारी मिली और तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय उत्पन्न करने वाले या आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दें। ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एक ही दिन में दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई
थाना कैंट पुलिस द्वारा इसी दिन अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई भी की गई। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई जारी रहेगी।
सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, सहायक उप निरीक्षक माधव, प्रधान आरक्षक ब्रजेंद्र गौतम, आरक्षक प्रदीप शर्मा, आशीष यादव, सृजन तिवारी, भानु एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More