मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राशन दुकान में अनियमितता के दो आरोपी गिरफ्तार, 2021 से फरार स्थायी वारंटी भी दबोचा


सागर। मोतीनगर पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य दुकान में वितरण एवं स्टॉक संधारण में अनियमितता के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने वर्ष 2021 से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को शास्त्री वार्ड स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितता को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की जांच और मौके की कार्रवाई के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर थाना मोतीनगर में धारा 316(4), 318(4), 3(5) बीएनएस एवं धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने दुकान की विक्रेता रमा पति अतुल तिवारी (50) निवासी मंगलधाम कॉलोनी, अंबेडकर वार्ड और सहायक विक्रेता अनुरोध तिवारी पिता अतुल तिवारी (23) निवासी मंगलधाम कॉलोनी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
2021 से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
इसी दौरान 3 सितंबर को मोतीनगर पुलिस को सूचना मिली कि न्यायालय द्वारा वर्ष 2021 में जारी किया गया स्थायी वारंटी थाना क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजेश पिता मुन्नालाल अहिरवार (42), निवासी अमावनी को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना देने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर उसे जेल दाखिल किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
दोनों कार्रवाइयों में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उचित मूल्य दुकान प्रकरण में उनि. जयसिंह, सउनि. गोकुल पाण्डेय सहित पुलिसकर्मियों तथा स्थायी वारंटी की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक संतोष रानी सहित पुलिस टीम का योगदान रहा।
मोतीनगर पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों और न्यायालयीन वारंटियों के विरुद्ध लगातार चल रही धरपकड़ अभियान की प्रभावशीलता सामने आई है।

Leave a Comment

Read More