
राजीव गांधी भवन के सामने कांग्रेसजनों ने पुष्पवर्षा कर लगाए जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयकारे
सागर, 04 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर यादव महासभा द्वारा निकाली गई भव्य वाहन रैली का जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर द्वारा राजीव गांधी भवन स्थित जिला शहर कांग्रेस कार्यालय के सामने भव्य स्वागत किया गया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेसजनों ने वाहन रैली पर पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। इस दौरान पूरा वातावरण “जय श्रीकृष्ण” और “राधे-राधे” के गगनभेदी नारों से कृष्णमय हो गया।
इस अवसर पर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया है। यादव महासभा द्वारा निकाली गई यह वाहन रैली हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। कांग्रेस पार्टी हमेशा सभी धर्मों और सभी समाजों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के पावन अवसर पर हम सभी को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। यादव महासभा को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने अधर्म के विनाश के लिए अवतार लिया था, उसी प्रकार हम सभी को अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ तथा कमजोर और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लेना चाहिए।
ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे एवं नरेंद्र मिश्रा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व है। सागर की धरती सदैव सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल रही है। यादव समाज द्वारा आयोजित यह वाहन रैली युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने कांग्रेस परिवार की ओर से समस्त शहरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
यादव महासभा की वाहन रैली के राजीव गांधी भवन के सामने पहुंचने पर कांग्रेसजनों ने पूरे उत्साह के साथ पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। इस दौरान जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर राहुल चौबे, कमलेश तिवारी, आनंद हैला, अरविंद ठाकुर, रेखा सोनी, पार्षद अशोक चकिया, ताहिर खान, अलीम तज्जु भाईजान, नीलेश अहिरवार, ज्योति मलैया, दीपक कुर्मी, प्रभात भंडारी, वीरू चौधरी, हीरालाल लड़ियां सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।











