पोषण से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़े कदम: शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में पोषण सप्ताह का गरिमामय समापन


विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को दिए संतुलित एवं सेहतमंद जीवन के टिप्स, प्रतियोगिताओं के विजेता हुए पुरस्कृत
सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में 1 से 7 सितंबर तक आयोजित ‘पोषण आहार सप्ताह’ का गरिमामय समापन हुआ। सप्ताहभर चले आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पोषण, स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति चौहान एवं डॉ. शिविका यादव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रज्ञा दुबे एवं डॉ. अवधेश प्रताप सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ज्योति चौहान ने महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य में पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में संतुलित आहार को शामिल कर कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। डॉ. शिविका यादव ने विद्यार्थियों को जंक फूड से दूरी बनाने की सलाह देते हुए कहा कि भोजन केवल पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि शरीर को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराने के लिए होना चाहिए।
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए संतुलित पोषण अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थी जीवन से ही बेहतर खान-पान की आदतें अपनाना उनके उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समृद्ध और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होते हैं।
समापन अवसर पर सप्ताहभर आयोजित निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
निबंध प्रतियोगिता में अंजना अहिरवार ने प्रथम, ललिता पटेल ने द्वितीय और नेहा पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में वैष्णवी नामदेव प्रथम, अंजना अहिरवार द्वितीय और हिमानी पटेल तृतीय रहीं। वाद-विवाद प्रतियोगिता में राज आर्यन अहिरवार एवं यशवंत गौड़ की टीम विजेता रही।
NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रज्ञा दुबे ने सप्ताहभर आयोजित गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों को स्वयं स्वस्थ रहने के साथ-साथ समाज को भी स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के नेतृत्व में महाविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, खेल एवं सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे बहुआयामी जागरूकता अभियानों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जीतू चौरसिया की भी विशेष उपस्थिति रही।

Leave a Comment

Read More