CCTV कैमरों की मदद से लापता वृद्ध महिला को 2 घंटे की मेहनत के बाद सुरक्षित खोज निकाला, डायल-112 ने पहुंचाया कंट्रोल रूम

सागर पुलिस की संवेदनशीलता और तकनीक का कमाल

सागर। सागर पुलिस ने संवेदनशीलता, तत्परता और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण पेश करते हुए लापता हुई एक वृद्ध महिला को सुरक्षित खोज निकाला। CCTV कैमरों की मदद से करीब दो घंटे तक लगातार तलाश के बाद महिला की लोकेशन का पता चला, जिसके बाद डायल-112 एफआरवी ने उन्हें सुरक्षित पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचाया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल के लिए आभार जताया।
दादी को चौराहे पर बैठाकर गैस एजेंसी गए थे नाती
जानकारी के अनुसार शाहपुर निवासी धर्मेंद्र गौड़ अपनी वृद्ध दादी को मोटरसाइकिल से सागर लेकर आए थे। पोस्ट ऑफिस संबंधी कार्य के सिलसिले में सागर आने के दौरान मकरोनिया चौराहे के पास स्थित गैस एजेंसी में आवश्यक काम होने पर उन्होंने अपनी दादी को मकरोनिया चौराहे पर बैठने के लिए कहा और स्वयं गैस एजेंसी चले गए।
काम पूरा होने के बाद जब धर्मेंद्र वापस चौराहे पर पहुंचे तो उनकी दादी वहां नहीं मिलीं। दोपहर करीब 2 बजे हुई इस घटना से घबराए धर्मेंद्र ने चौराहे पर ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारी से मदद मांगी। पुलिस अधिकारी ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम जाकर CCTV कैमरों की मदद से महिला की तलाश कराने की सलाह दी।
CCTV टीम ने करीब दो घंटे तक खंगाली फुटेज
धर्मेंद्र पुलिस कंट्रोल रूम सागर पहुंचे और प्रभारी पुलिस कंट्रोल रूम आर.के.एस. चौहान को पूरी जानकारी दी। मामले की गंभीरता और वृद्ध महिला की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल CCTV टीम को सक्रिय किया गया।
महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक, महिला आरक्षक चंद्रकांता एवं महिला आरक्षक प्रियंका जैन ने अलग-अलग स्थानों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। टीम ने करीब दो घंटे तक लगातार फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। आखिरकार वृद्ध महिला मकरोनिया चौराहे पर ही एक ओर बैठी हुई सुरक्षित दिखाई दीं।
डायल-112 ने महिला को सुरक्षित कंट्रोल रूम पहुंचाया
CCTV के माध्यम से महिला की लोकेशन की पुष्टि होने के बाद तत्काल डायल-112 एफआरवी-03 को मौके पर भेजा गया। एफआरवी में तैनात आरक्षक क्रमांक 609 अजय एवं पायलट सदानंद सेन को महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वृद्ध महिला को सुरक्षित अपने साथ लिया और पुलिस कंट्रोल रूम सागर लेकर आई।
दादी को सुरक्षित देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा
कंट्रोल रूम पहुंचने पर वृद्ध महिला को सकुशल देखकर उनके नाती धर्मेंद्र गौड़ एवं प्रकाश गौड़ की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दोनों ने तत्काल घर फोन कर परिजनों को दादी के सुरक्षित मिलने की जानकारी दी।
वृद्ध महिला के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने सागर पुलिस की तत्परता, CCTV टीम की करीब दो घंटे की मेहनत और डायल-112 टीम द्वारा महिला को सुरक्षित पहुंचाने के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया। इसके बाद दोनों नाती अपनी दादी को खुशी-खुशी अपने साथ लेकर घर रवाना हुए।
सागर पुलिस की अपील
सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वृद्धजन, बच्चों अथवा ऐसे व्यक्तियों को अकेला न छोड़ें, जो अपनी सुरक्षा एवं आवागमन को लेकर असहाय हों। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लें। डायल-112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नागरिकों की सहायता के लिए सदैव तत्पर हैं।
सागर पुलिस — सुरक्षा के साथ संवेदनशीलता भी

Leave a Comment

Read More