नोएडा। सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 क्लस्टर XIX गर्ल्स रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 में जेपी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-128, नोएडा की छात्रा तृतीया गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 26 सितंबर 2026 तक पारस पब्लिक स्कूल, टेकज़ोन-7, ग्रेटर नोएडा द्वारा भवानी शंकर देवस्वम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-46, नोएडा के बैंक्ड ट्रैक पर किया गया।
तृतीया गुप्ता ने अंडर-9 आयु वर्ग की इनलाइन कैटेगरी के 1 लैप रोड रेस इवेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया और रजत पदक अपने नाम किया।
स्कूल परिसर पहुंचने पर प्रधानाचार्या अंजली मलिक ने तृतीया को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्कूल की स्पोर्ट्स एचओडी हिमांशी एवं स्केटिंग कोच चरण सिंह ने बताया कि इस उपलब्धि के साथ तृतीया गुप्ता का चयन आगामी नवंबर 2026 में कर्नाटक के बेलगाम में आयोजित होने वाली सीबीएसई नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हो गया है।
तृतीया की इस उपलब्धि से स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तृतीया को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।








