
सागर। थाना महाराजपुर पुलिस ने हत्या के मामले में करीब सात माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल क्षेत्र में टपरिया बनाकर छिपकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया द्वारा ₹3,000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार थाना महाराजपुर के अपराध क्रमांक 31/26 में धारा 103(1), 190, 118(2), 191(3) बीएनएस के तहत आरोपी सुखदेव यादव पिता महेश यादव, निवासी देचूआ, थाना केसली घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जंगल क्षेत्र में टपरिया बनाकर छिपकर रह रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी सुखदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक नीलेश, वीरेंद्र एवं संजय, आरक्षक धर्मेंद्र एवं ऋषभ तथा चालक रामेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महाराजपुर पुलिस की कार्रवाई से गंभीर अपराध में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी संभव हुई। पुलिस द्वारा जिले में गंभीर एवं लंबित अपराधों के फरार आरोपियों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी है।








