दिनाँक 01/10/2026
सागर। भारत सरकार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), क्षेत्रीय निदेशालय (म.प्र.-छ.ग.), भोपाल के मार्गदर्शन में ओजस्विनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत इनफिनिटी मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा ‘100 सप्ताह नशामुक्त युवा अभियान’ के अंतर्गत ‘नशामुक्त युवा फ़ॉर विकसित भारत’ थीम पर स्वास्थ्य जागरूकता वॉक/रन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संदेश “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व” एवं “कदम बढ़ाएं, नशे से दूर रहें” रखा गया। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
जागरूकता वॉक/रन का शुभारंभ में कार्यक्रम में नवनियुक्त कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली के विषय पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। जागरूकता वॉक/रन का शुभारंभ रोटरी क्लब सागर नेक्सस के अध्यक्ष अधिवक्त वीनू शमशेर जंग बहादुर राणा द्वारा डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर परिसर स्थित गौर प्रतिमा से किया गया। लगभग 4 किलोमीटर की यह वॉक/रन गौर प्रतिमा से प्रारंभ होकर इनफिनिटी मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित ओजस्विनी परिसर तक आयोजित की गई। इसमें 350 से अधिक विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों, महाविद्यालयीन स्टाफ तथा जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वॉक/रन के दौरान विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
वॉक/रन के समापन के पश्चात ओजस्विनी परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा ग्रुप डायरेक्टर द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए अभियान के उद्देश्यों एवं युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर डॉ. सुधा मलैया,चेयरपर्सन, ओजस्विनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशामुक्त जीवन, देशभक्ति, शिक्षा तथा सकारात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, राष्ट्रसेवा एवं समाजोपयोगी कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि इंजी. प्रदीप लारिया, विधायक नरयावली विधानसभा क्षेत्र, ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और युवा शक्ति के माध्यम से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि इंजी. प्रदीप लारिया, विधायक नरयावली विधानसभा क्षेत्र ने विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
अंत में इनफिनिटी मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी एवं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मो. अशफाक सिद्दीकी जी द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, NSS स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में श्रीमती शर्मिला डावर, खेल अधिकारी, जिला सागर तथा श्रीमती संगीता सिंह गौर, कबड्डी कोच, खेल परिसर सागर सहित महाविद्यालय के प्राचार्यगण, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शैल्बी अब्राहम द्वारा किया गया, जबकि ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ वॉक/रन समन्वय ओजस्विनी किया गया।







