स्कूल बस, यात्री बस और ऑटो रिक्शा की संयुक्त चेकिंग; 12 वाहनों से ₹34 हजार जुर्माना वसूला

SHARE:

सागर में परिवहन नियमों पर प्रशासन की सख्ती, 30 वाहन जब्त

सागर, 30 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुपालन में जिले में यात्री परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए राजस्व विभाग, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूल बस, यात्री बस और ऑटो रिक्शा सहित 30 वाहनों को जब्त कर आरटीओ कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज तेनगुरिया, तहसीलदार शहर संदीप तिवारी, तहसीलदार ग्रामीण वर्षा दुबे सहित यातायात पुलिस के अधिकारियों ने वाहनों की जांच की।
फिटनेस से लेकर फायर किट तक हुई जांच
चेकिंग के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, पंजीयन, फायर किट, फर्स्ट एड किट, टायर सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। कई यात्री बसों में फर्स्ट एड बॉक्स एवं निर्धारित मानक के अग्निशमन यंत्र नहीं पाए गए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
स्लीपर कोच यात्री बसों में AIS-119 के प्रावधानों के तहत फायर डिटेक्शन एवं सप्रेशन सिस्टम, पृथक आगम-निर्गम द्वार, चार इमरजेंसी एग्जिट और निर्धारित क्षमता के अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।
12 वाहनों से ₹34 हजार शमन शुल्क वसूला
अभियान के दौरान 12 वाहनों में चालक लाइसेंस एवं वाहन संबंधी दस्तावेजों की कमी, निर्धारित मानक के अग्निशमन यंत्र का अभाव, HSRP नंबर प्लेट एवं रेडियम रिफ्लेक्टर टेप नहीं होना तथा चालक का निर्धारित गणवेश में नहीं होना जैसी कमियां सामने आईं।
इन मामलों में मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹34,000 का शमन शुल्क वसूल किया गया।
आगे भी जारी रहेगा संयुक्त अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों और विद्यार्थियों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के समन्वय से संयुक्त जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन संचालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और निर्धारित फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें