मुख्यमंत्री ने कहा—बिना पूर्व सूचना किसी भी जिले में पहुंचकर अभियान में होंगे शामिल, लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश
सागर, 21 अक्टूबर 2026।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान सभी अधिकारी फील्ड में रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री अब बिना पूर्व सूचना दिए किसी भी जिले में पहुंचकर अभियान की गतिविधियों में शामिल होंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर-कमिश्नर, एसपी-आईजी की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में जनसमस्याओं और शिकायतों के निराकरण की स्थिति संतोषजनक नहीं है, वहां कलेक्टर विशेष प्रयास कर लंबित प्रकरणों की संख्या न्यूनतम स्तर पर लाएं।
सागर एनआईसी से कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन में सर्वाधिक लंबित शिकायतों वाले राजस्व, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने भी जन विश्वास अभियान में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाने वाले कलेक्टरों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर अपने प्रदर्शन में तत्काल सुधार करें और फील्ड में जाकर जनता की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें।
स्वामित्व योजना में 1.60 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां
बैठक में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना की समीक्षा भी की गई। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व का अधिकार दिलाने के लिए नि:शुल्क रजिस्ट्री का महाअभियान चलाया जा रहा है।
21 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश में 49 लाख 48 हजार 980 प्लॉट की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लक्ष्य के मुकाबले 1 लाख 60 हजार 230 रजिस्ट्रियां की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले उप-पंजीयकों और पटवारियों की सराहना की। वहीं, शून्य प्रगति वाले पटवारी हल्कों को लेकर रीवा, शहडोल और धार के कलेक्टरों को तत्काल प्रगति लाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने न्यूनतम प्रगति वाले 10 जिलों के कलेक्टरों को भी काम में तेजी लाने के लिए कहा।
अल्प वर्षा वाले 12 जिलों में बनेगी विशेष कार्ययोजना
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 12 जिलों में सामान्य से कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए संबंधित कलेक्टरों को खेती-किसानी, पेयजल, सिंचाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश में सामान्य वर्षा 949 मिलीमीटर के मुकाबले इस वर्ष 908.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के 34 जिलों में सामान्य वर्षा हुई, जबकि आलीराजपुर, धार, झाबुआ, रतलाम, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, इंदौर, उज्जैन, पांढुर्णा, शाजापुर और छिंदवाड़ा में सामान्य से 19 प्रतिशत से कम वर्षा हुई है। मुख्यमंत्री ने इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए चेस्ट क्लीनिक
मौसम परिवर्तन के कारण होने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष इंतजाम करने को कहा। बैठक में जानकारी दी गई कि 15 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालयों और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में चेस्ट क्लीनिक शुरू किए गए हैं।
इन क्लीनिकों में खांसी, जुकाम, गले और सीने में दर्द जैसी शिकायतों की जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि मौसमी लक्षण किसी गंभीर बीमारी का संकेत तो नहीं हैं।
दीपावली से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने वर्षा के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और अन्य निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले सड़कों की आवश्यक मरम्मत पूरी कराई जाए। नगरीय निकायों के अधूरे कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
उन्होंने भवन निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
1 नवंबर को भव्य होगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 नवंबर 2026 को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। समारोह में कृषि एवं उससे जुड़े विषयों पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस अवसर पर प्रसिद्ध गायिका मोनाली ठाकुर प्रस्तुति देंगी।
गोवर्धन पूजा पर 624 विजेताओं को मिलेंगे गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार
गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेश के 208 वृंदावन ग्रामों में पशुपालकों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रत्येक ग्राम से प्रथम तीन विजेताओं को गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
पुरस्कार राशि के रूप में प्रथम विजेता को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय विजेता को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस प्रकार कुल 624 विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष से यह पुरस्कार सभी विकासखंडों में प्रदान किए जाएंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल, संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों ने भी अपनी तैयारियों की जानकारी दी।
भारत न्यूज़ 24 live.com







