सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के शिक्षाशास्त्र विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता माह 2026 के अंतर्गत “एक सतर्क नागरिक: भ्रष्टाचार के विरुद्ध नायक” विषय पर स्वरचित कविता एवं कॉमिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, नैतिकता, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने कविता लेखन एवं कॉमिक बुक के माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों, ईमानदारी के महत्व तथा भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के निर्माण में नागरिकों की भूमिका को रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक आचरण और जागरूक नागरिकता के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. हिमांशु कुमार ने कविता प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. पुष्पिता राजावत एवं डॉ. नवीन सिंह रहे। उनके समन्वय में आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को साहित्य एवं कला के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्त करने तथा भ्रष्टाचार के प्रति सजग दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार के उन्मूलन में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। ईमानदारी, सतर्कता, पारदर्शिता और सामूहिक उत्तरदायित्व को अपनाकर ही एक न्यायपूर्ण एवं भ्रष्टाचार-मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस प्रकार प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ-साथ सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।







