100 से अधिक स्थानों पर एक साथ चेकिंग, बंडा से खुरई तक पुलिस की कार्रवाई; अवैध बिक्री और भंडारण करने वालों पर शिकंजा
सागर, 22 अक्टूबर 2026। दीपावली सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर सागर पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस ने 100 से अधिक स्थानों पर एक साथ चेकिंग करते हुए 10 अलग-अलग प्रकरणों में लगभग 3 लाख 69 हजार 790 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा संबंधित राजपत्रित अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और अवैध रूप से पटाखों की बिक्री एवं भंडारण पर अंकुश लगाना है।
आठ थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान बंडा, कोतवाली, मकरोनिया, बहेरिया, कैंट, मोतीनगर, बीना और खुरई शहर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। विभिन्न स्थानों पर जांच और दबिश के दौरान पटाखे जब्त किए गए तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
मकरोनिया में सबसे अधिक कीमत के पटाखे जब्त
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, थाना बंडा क्षेत्र में विनीत साहू के पास से लगभग 35 हजार रुपये, कोतवाली क्षेत्र में राकेश केसरवानी के पास से 2,890 रुपये और मयंक जैन के पास से 25,650 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए।
थाना मकरोनिया क्षेत्र में लालजी केसरवानी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 2 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए। वहीं, थाना बहेरिया क्षेत्र में संभव जैन के पास से 12 हजार रुपये तथा वसीम खान के पास से 11,900 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए।
इसी तरह थाना कैंट क्षेत्र में दुलारे पटेल के पास से लगभग 25 हजार रुपये, थाना मोतीनगर क्षेत्र में बाला उर्फ बालचंद सिंधी के पास से 50 हजार रुपये, थाना बीना क्षेत्र में मयंक के पास से 2,350 रुपये और थाना खुरई शहर क्षेत्र में गणेश विश्वकर्मा के पास से लगभग 5 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
सागर पुलिस के अनुसार, अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के साथ आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस संदिग्ध स्थानों पर निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी।
पुलिस की नागरिकों से अपील
सागर पुलिस ने पटाखा कारोबारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि पटाखों की खरीद-बिक्री, भंडारण और परिवहन निर्धारित नियमों तथा आवश्यक अनुमतियों के अनुसार ही करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण त्योहार मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
लोकेशन–सागर







