बंडा शराब कांड की उच्चस्तरीय जांच, शराब माफिया और लापरवाह अधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग; कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस करेगी आंदोलन
सागर। प्रदेश में जहरीली शराब से लगातार हो रही मौतों को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने जहरीली शराब के कारोबार पर रोक लगाने में प्रशासन की विफलता को गंभीर लापरवाही बताते हुए आरोप लगाया कि लगातार विरोध और चेतावनी के बावजूद शासन-प्रशासन इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
महेश जाटव ने कहा कि बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब की खेप मिलने और उसे पहले पत्थर की खदानों व कुओं में फेंके जाने की खबरें सामने आई थीं। इसके बाद बरेठी दुकान खुलने पर 800 पेटियां मिलने की जानकारी ने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई के बावजूद जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई और जहरीली शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है।
उन्होंने कहा कि जहरीली शराब के सेवन से लोगों की जान जा रही है और कई परिवार उजड़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन कागजी कार्रवाई तक सीमित नजर आ रहा है। आबकारी विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए। आखिर किन कारणों से अब तक शराब कारोबार के कथित मुख्य आरोपियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई? शराब दुकानों की जांच, सैंपलिंग और रिपोर्ट जारी करने में देरी क्यों हो रही है?
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते सख्त कदम उठाता तो इस तरह की त्रासदी को रोका जा सकता था। सरकार घोषणाएं कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर जहरीली शराब का कारोबार जारी रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बंडा की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महेश जाटव ने रखीं ये प्रमुख मांगें
- जहरीली शराब कांड की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- दोषी शराब माफिया, दुकान संचालकों और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए।
- मृतकों के परिजनों को तत्काल उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
- जिले की सभी शराब दुकानों की तत्काल जांच कराई जाए और सैंपलिंग रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
- घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
महेश जाटव ने कहा कि घटना के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों को पदों से नहीं हटाया जाना चिंता का विषय है। बंडा की धरती जहरीली शराब की त्रासदी से प्रभावित है, लेकिन प्रशासन की ओर से अपेक्षित सख्ती दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अपना रवैया नहीं बदला और जहरीली शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो जिला शहर कांग्रेस कमेटी जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भारत न्यूज़ 24 live.com








