सागर में नेत्रदान की अनूठी मिसाल: 75 वर्षीय कमलादेवी गंगवानी के मरणोपरांत नेत्रदान से दो नेत्रहीनों के जीवन में आएगा उजियारा

SHARE:

सागर। मानवता और परोपकार की प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए सागर की 75 वर्षीय कमलादेवी गंगवानी के मरणोपरांत नेत्रदान किए गए। उनके इस पुनीत कार्य से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को नई रोशनी मिलने की उम्मीद जगी है।

सिविल लाइन स्थित इंदिरा कॉलोनी चौराहा निवासी कमलादेवी गंगवानी, धर्मपत्नी सेवकराम गंगवानी का शनिवार सुबह अचानक निधन हो गया। उन्होंने अपने जीवनकाल में ही पति सेवकराम गंगवानी और देवर सुनील गंगवानी के समक्ष नेत्रदान की इच्छा व्यक्त की थी। उनके निधन के बाद परिजनों ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए नेत्रदान का निर्णय लिया।

परिजन मुकेश गंगवानी ने बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय के पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमर गंगवानी के माध्यम से सुबह 7 बजे बीएमसी आई बैंक की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंजलि विरानी पटेल से संपर्क किया। सूचना मिलते ही डॉ. अंजलि ने तत्परता दिखाते हुए नेत्र संग्रहण टीम को तत्काल दिवंगत के निवास पर भेजा।

परिजनों की लिखित सहमति और आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियों के साथ टीम ने दोनों आंखों के कॉर्निया सुरक्षित रूप से निकालकर बीएमसी आई बैंक में संरक्षित किए। इस तरह कमलादेवी का नेत्रदान दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में उजाला लाने का माध्यम बनेगा।

बीएमसी डीन ने परिजनों का जताया आभार

बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने इस मानवीय पहल के लिए दिवंगत के पति सेवकराम गंगवानी, देवर सुनील गंगवानी, देवरानी कंचन गंगवानी सहित समस्त परिजनों का आभार व्यक्त किया।

नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण खरे ने बताया कि नेत्रदान वास्तव में मृत्यु के बाद कॉर्निया का दान है। इसे मृत्यु के चार से छह घंटे के भीतर संपन्न करना आवश्यक होता है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को नई दृष्टि मिल सकती है। उन्होंने बताया कि बीएमसी आई बैंक में नेत्रदान और कॉर्निया प्रत्यारोपण की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।

आई बैंक की टीम का रहा विशेष योगदान

नेत्रदान की इस पूरी प्रक्रिया में आई बैंक की टीम से डॉ. नीलम, डॉ. शिवानी, डॉ. पंकज, डॉ. श्रेया, नर्सिंग ऑफिसर रामलखन, ओमप्रकाश कुमावत सहित अन्य पैरामेडिकल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

कमलादेवी गंगवानी का यह अंतिम संकल्प समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देता है कि मृत्यु के बाद भी नेत्रदान के माध्यम से किसी के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें