खुरई में शिकार की कोशिश नाकाम, वन विभाग ने दो आरोपियों को पकड़ा; XUV कार, बंदूकें और कारतूस जब्त

SHARE:

रात 4:21 बजे जंगल में संदिग्ध गतिविधि देख वन अमले ने की घेराबंदी, दो आरोपी गिरफ्तार और दो फरार; वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

सागर। वनों और वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की रात्रि गश्त के दौरान खुरई वन परिक्षेत्र में शिकार के प्रयास का मामला सामने आया है। ग्राम घोरट के समीप जंगल में संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान काले रंग की महिंद्रा XUV 3XO कार, हथियार, कारतूस, चाकू और सागौन की लकड़ी सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

वन संरक्षक वन वृत्त सागर रिपुदमन सिंह एवं वनमंडलाधिकारी उत्तर सागर चंद्रशेखर सिंह के निर्देशन में, उपवन मंडलाधिकारी जयप्रकाश के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी चंद्र भूषण सिंह ठाकुर के नेतृत्व में 22 नवंबर को यह कार्रवाई की गई।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान ग्राम घोरट के समीप बीट बलोप ‘ब’ के वनकक्ष क्रमांक PF-22 में सुबह करीब 4:21 बजे बिना नंबर प्लेट की एक काले रंग की कार वन भूमि के रास्ते के किनारे खड़ी दिखाई दी। इसी दौरान जंगल में दो व्यक्ति सर्च लाइट और टॉर्च की मदद से आसपास तलाश करते नजर आए। उनके पास दो बंदूकें भी दिखाई दीं।

संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए वन अमले ने तत्काल वाहन की घेराबंदी की। इस दौरान जंगल में मौजूद दोनों व्यक्ति टॉर्च बंद कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं वाहन में बैठे दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। उनकी पहचान शिवम पिता प्रह्लाद लोधी (21 वर्ष), निवासी मालथौन और सत्यम पिता हुकुम लोधी (24 वर्ष), निवासी सेमरा के रूप में हुई।

कार से मिली नंबर प्लेट, सागौन की लकड़ी और कारतूस

वाहन की तलाशी लेने पर आगे और पीछे की दो नंबर प्लेट, सागौन की लकड़ी, एक चाकू, तीन जिंदा कारतूस और दो खाली कारतूस बरामद किए गए। वन विभाग ने अपराध में प्रयुक्त महिंद्रा XUV 3XO कार सहित सामग्री जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

वन विभाग ने गिरफ्तार दो आरोपियों और फरार दो अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय मालथौन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इस कार्रवाई में डिप्टी रेंजर वीरेंद्र तिवारी, वनरक्षक वीर प्रताप सिंह, दिनेश मिश्रा, अंकुर राजपूत, रवि जोहरी, राजेन्द्र कुर्मी, राकेश प्रजापति तथा सुरक्षाकर्मी हरनाम कुर्मी एवं अन्नू प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वन विभाग की इस कार्रवाई को जंगलों में अवैध शिकार और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें