कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, नामांतरण-बंटवारा और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के प्रकरणों का समय पर निराकरण करने को कहा
सागर। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर अब कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में नॉन अटेंडेड शिकायतें पाए जाने पर संबंधित अधिकारी का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कामकाज, लंबित प्रकरणों और शासन की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने नामांतरण एवं बंटवारा के लंबित मामलों की जानकारी ली। तीन माह से अधिक पुराने प्रकरणों का कोर्ट इंस्पेक्शन कराकर प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व न्यायालयों में नामांतरण, बंटवारा सहित ऐसे प्रकरण जो अमल के बाद भी लंबित हैं, उनका सभी एसडीएम विशेष रूप से परीक्षण करें और प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने एसडीएम को तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण करने तथा लंबित मामलों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और पेंशन प्रकरणों में न हो देरी
कलेक्टर ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं पेंशन संबंधी मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं में देरी के कारण आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
किसानों की सुविधाओं पर भी जोर
बैठक में जिले की उपार्जन व्यवस्था के साथ खाद एवं बीज वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए अतिरिक्त सुलभ शौचालय बनवाने के निर्देश दिए। नरवाई प्रबंधन के लिए कृषि मशीनों की संख्या बढ़ाने, किसानों को इनके उपयोग के प्रति जागरूक करने और शासन की ओर से मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी किसानों तक पहुंचाने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग में सुधार करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद के कारण पंचायत सामुदायिक भवन एवं आंगनवाड़ी भवन निर्माण में आ रही बाधाओं से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण करने को कहा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के पंजीयन की प्रगति और संबल योजना के लंबित पंजीयन प्रकरणों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नशा मुक्ति अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
कलेक्टर ने नशा मुक्ति अभियान के तहत सामाजिक न्याय विभाग, जन अभियान परिषद और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







