सड़क हादसे के पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाने सक्रिय हुए भूपेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री से की मुलाकात

SHARE:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को शीघ्र सहायता राशि जारी करने के दिए निर्देश, हादसे में तीन की मौत और 33 ग्रामीण हुए थे घायल

सागर/भोपाल। खुरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गढ़ोला गोसाईं में हुए भीषण सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं।

इससे पहले हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक भूपेंद्र सिंह सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की पहल की थी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन से सभी जरूरी चिकित्सकीय जांचें और उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश देने का आग्रह किया था। हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच ग्रामीणों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

नर्मदा स्नान से लौटते समय हुआ था हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गढ़ोला गोसाईं के करीब 36 ग्रामीण रविवार को नर्मदा स्नान के लिए बरमान गए थे। स्नान के बाद सभी ग्रामीण गांव लौट रहे थे, तभी नीम घाटी के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 33 अन्य ग्रामीण घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद से ही पीड़ित परिवारों को उपचार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को सहायता राशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए जाने से प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

साभार: मीडिया कार्यालय दिनांक: 23 नवंबर 2026

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें