रात्रि में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान, 12 बंडल रेडियम टेप भी किए वितरित; मंडियों में प्रतिदिन निःशुल्क लगाए जाएंगे रिफ्लेक्टर
सागर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और रात्रिकालीन सफर को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर 24 नवंबर को खुरई रोड स्थित कृषि मंडी चौराहे पर 72 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए। इसके साथ ही ट्रॉली चालकों को 12 बंडल रेडियम टेप भी वितरित किए गए।
आरटीओ अधिकारी मनोज तेहंगुरिया के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए। विभाग की ओर से अब जिले के समस्त मंडी प्रांगणों में प्रतिदिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर निःशुल्क रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
अंधेरे में दूर से दिखाई देंगी ट्रॉलियां
अक्सर रात के समय कम रोशनी और बिना रेडियम रिफ्लेक्टर वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बनती हैं। रेडियम रिफ्लेक्टर लगने से अंधेरे में भी ट्रॉलियां दूर से दिखाई देंगी। इससे पीछे से आने वाले वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने में मदद मिलेगी।
चालान काटना नहीं, लोगों की जान बचाना उद्देश्य
आरटीओ मनोज तेहंगुरिया ने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। रेडियम टेप रात में दूर से चमकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
अभियान के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पहले वे बिना रेडियम टेप के ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालित करते थे, लेकिन अब परिवहन विभाग द्वारा स्वयं निःशुल्क रेडियम टेप लगाया जा रहा है। इससे रात्रि के समय वाहन संचालन में सुरक्षा बढ़ेगी।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों से आग्रह किया है कि वे रेडियम रिफ्लेक्टर लगाकर ही वाहन संचालित करें, ताकि रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।







