13 दिसंबर को होगा सागर ऑनर रन, 5, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ में प्रतिभागी दिखाएंगे दम

SHARE:

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, रनिंग रूट पर बैरिकेडिंग, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

सागर। शहर में 13 दिसंबर को आयोजित होने वाले सागर ऑनर रन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, दौड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।

बैठक में सेना अधिकारी मेजर प्रमोद, लेफ्टिनेंट संदीप, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। कर्नल अमित कुमार झा ने जानकारी दी कि सागर ऑनर रन का आयोजन 13 दिसंबर 2026, रविवार को सुबह 6 बजे से किया जाएगा। इसके लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुके हैं।

खेल परिसर से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी दौड़

सागर ऑनर रन खेल परिसर से प्रारंभ होकर वहीं समाप्त होगी। निर्धारित रूट में खेल परिसर से लाखा बंजारा झील के बाजू से दीनदयाल उपाध्याय चौक, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, होटल रॉयल पैलेस, आईएसबीटी और बरगद अस्पताल तक का मार्ग शामिल है। प्रतिभागी इसी मार्ग से वापस लौटेंगे। दौड़ का आयोजन 5, 10 और 21 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में किया जाएगा।

प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल, प्रशंसा पत्र एवं बंडाना प्रदान किए जाएंगे। आयु के आधार पर प्रतिभागियों को चार श्रेणियों में रखा गया है, जिनमें 30 वर्ष या उससे कम, 31 से 40 वर्ष, 41 से 50 वर्ष तथा 51 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। आयोजन में परमवीर चक्र से सम्मानित सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर संजय कुमार भी शामिल होंगे।

21 किलोमीटर दौड़ में 20 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार

आयोजन में 21 किलोमीटर दौड़ के लिए प्रथम पुरस्कार 20 हजार, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम पुरस्कार 15 हजार, द्वितीय 10 हजार और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये मिलेगा। पुरस्कार सभी निर्धारित श्रेणियों में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए रखे गए हैं।

पंजीयन शुल्क में विशेष छूट

21 किलोमीटर दौड़ के लिए पंजीयन शुल्क 800 रुपये तथा 5 एवं 10 किलोमीटर दौड़ के लिए 600 रुपये निर्धारित किया गया है। एनसीसी कैडेट, सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिक, सैन्य कर्मियों के आश्रितों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों को पंजीयन शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। पिछले सागर ट्रेल रन के विजेताओं को 50 प्रतिशत तथा गैलेंट्री अवॉर्ड विजेताओं को 100 प्रतिशत छूट प्रदान की जाएगी।

अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने अधिकारियों को अधिक से अधिक पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, शहर के जिम, खेल परिसरों एवं सिटी स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने खेल परिसर में साफ-सफाई, रनिंग रूट पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल, एम्बुलेंस, डॉक्टरों सहित चिकित्सा सुविधाएं, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आवश्यकता के अनुसार पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सागर ऑनर रन को सफल बनाने के निर्देश दिए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें