29 नवंबर को सागर में निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, मोतीनगर से शुरू होकर नमक मंडी में होगी आमसभा
सागर। आगामी 29 नवंबर को सागर में आयोजित होने वाली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए नरयावली विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को रजाखेड़ी बजरिया स्थित विधायक कार्यालय में नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने विभिन्न संगठनात्मक पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में विधायक प्रदीप लारिया ने जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ का संदेश लोकतांत्रिक मूल्यों, जनजागरण और संगठन की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस आयोजन को प्रभावी और ऐतिहासिक बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक में मकरोनिया एवं कर्रापुर नगर पालिका के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों सहित सागर एवं राहतगढ़ जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और व्यापक जनभागीदारी पर चर्चा की।
जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल होंगे शामिल
29 नवंबर रविवार को दोपहर 1 बजे पदयात्रा सरस्वती गार्डन, मोतीनगर से प्रारंभ होगी। इसमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे।
पदयात्रा बड़ा बाजार, कोतवाली और तीन बत्ती मार्ग से होते हुए कटरा स्थित नमक मंडी पहुंचेगी, जहां आमसभा आयोजित की जाएगी।
विधायक प्रदीप लारिया ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समयबद्ध तैयारी, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ नरयावली विधानसभा क्षेत्र से अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। सभी ने पदयात्रा को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।








