हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने सागर में ब्लैक आउट मॉकड्रिल, बचाव दलों ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास

SHARE:

स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय परिसर में बजा सायरन, आग बुझाने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की तैयारियों का किया गया परीक्षण

सागर, 27 नवंबर 2026। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और जिले की आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने के लिए स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय परिसर में ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग के निर्देशानुसार कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देशन एवं संयुक्त कलेक्टर आरती यादव के मार्गदर्शन में यह अभ्यास संपन्न हुआ।

मॉकड्रिल के दौरान निर्धारित परिदृश्य के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में हवाई हमले की सूचना मिलते ही सायरन बजाया गया और ब्लैक आउट की कार्रवाई शुरू की गई। परिसर के कुछ स्थानों पर आग लगने की स्थिति निर्मित की गई। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का अभ्यास किया।

इसके बाद एसडीईआरएफ, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और आपदा मित्रों की विभिन्न टीमों ने समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फायर पार्टी, सर्च पार्टी, रेस्क्यू पार्टी और स्ट्रेचर पार्टी ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बचाव अभियान चलाया। घटनास्थल की सघन तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई अन्य व्यक्ति घायल या परिसर में फंसा हुआ नहीं है।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान चार गंभीर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

मॉकड्रिल का संचालन जिला सेनानी होमगार्ड सागर भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने किया। अभ्यास के समापन पर सभी बचाव दलों की डी-ब्रीफिंग की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद मॉकड्रिल के सफल समापन की घोषणा की गई।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट भूपेंद्र सिंह ठाकुर, स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी पीके दत्ता, कंपनी कमांडर अनिमेष राजपूत, प्लाटून कमांडर समीक्षा श्रीधर, हवलदार स्टोरमैन लक्ष्मी अहिरवार, हवलदार वाहन चालक अनिल चढ़ार, आरक्षक सौरभ सिंह चौहान, मुख्य अग्नि प्रशिक्षक अरुण कुमार सिंह, मनीष दुबे, सिविल डिफेंस डिवीजन वार्डन राजेश मिश्रा सहित फायर विभाग, एनसीसी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी और जवान मौजूद रहे।

मॉकड्रिल में 50 से अधिक सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स एवं आपदा मित्रों ने सहभागिता की। इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न बचाव दलों के बीच समन्वय, त्वरित कार्रवाई और राहत व्यवस्था की तैयारियों का परीक्षण किया गया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें