भारतीय सनातन परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोच्च होता है — विधायक प्रदीप लारिया

भारतीय सनातन परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोच्च होता है — विधायक लारिया

सागर/10.07.2025

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्‍सीलेंस,शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग में भारतीय ज्ञान परम्‍परा प्रकोष्‍ठ के अंतर्गत गुरू पूर्णिमा महोत्‍सव के उपलक्ष्‍य में भव्‍य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, उच्‍च शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्‍त प्राचार्य प्रो. जी. एल. दुबे, महाविद्यालय समिति के जनभागीदारी समिति के अध्‍यक्ष श्री धर्मेन्‍द्र (बंटी) राठौर, नगरपालिका अध्‍यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार एवं मंडल अध्‍यक्ष श्री अंकित तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी अतिथियों द्वारा सरस्‍वती पूजन किया गया तथा छात्राओं द्वारा गुरू वंदना की प्रस्‍तुति की गयी ।
विधायक लारिया द्वारा कार्यक्रम में अपना स्‍वागत ना कराते हुए सर्वप्रथम महाविद्यालय के समस्‍त प्राध्‍यापकों एवं शिक्षकों का सम्‍मान किया गया । विधायक लारिया द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि भारतीय सनातन परम्‍परा में गुरू का स्‍थान सर्वोच्‍च होता है, आज हम जो कुछ भी है यह सब हमारे गुरूजनों के आशीष का परिणाम है । इसलिए हम सभी का यह दायित्‍व है कि सनातन काल से चली आ रही इस गुरू-शिष्‍य परम्‍परा को पुन: पूर्ण मनोभावों के साथ आयोजित किया जाये। जिससे भारत को पुन: विश्‍व गुरू के स्‍थान पर स्‍थापित किया जा सके । हमारी संस्‍कृति एवं गुरू-शिष्‍य परम्‍परा अहम और स्‍वार्थ पर केन्द्रित न होकर विश्‍व कल्‍याण एवं विश्‍व बंधुत्‍व को प्रगट करने वाली है । विगत दशकों में शैक्षणिक संस्‍थाओं में गुरू शिष्‍य परम्‍परा का लोप हो गया था । वर्तमान सरकार द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के मध्‍य गुरू-शिष्‍य अंर्तसंबंधों को पुन: स्‍थापित करने के लिए प्रत्‍येक वर्ष गुरूपूर्णिमा महोत्‍सव का आयोजन किया जा रहा है ।
महाविद्यालय जनभागीदारी समि‍ति अध्‍यक्ष धर्मेन्‍द्र (बंटी) राठौर द्वारा महाविद्यालय के सभी गुरूजनों के प्रति सम्‍मान प्रकट करते हुए सभी प्राध्‍यापकों का शॉल-श्रीफल एवं फूलमाला के माध्‍यम से स्‍वागत किया गया । कार्यक्रम में नपा. अध्‍यक्ष मिहीलाल अहिरवार, मंडल अध्‍यक्ष अंकित तिवारी, कपिल कुशवाहा, विवेक सक्‍सेना, बलवंत सिंह, जित्‍तू खटीक, नरेन्‍द्र सिंह, बाबूलाल एवं ऋषि कुमार सहित कार्यक्रम के सभी अतिथियों द्वारा पुष्‍पवर्षा कर सभी गुरूजनों का सम्‍मान किया गया । इसके साथ ही सभी अतिथियों द्वारा गुरू पूर्णिमा के अवसर पर राज्‍य स्‍तरीय कार्यक्रम में माननीय मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के उद्बोधन को लाईव प्रसारण के माध्‍यम से सभी विद्यार्थियो और स्‍टॉफ के साथ देखा गया ।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. ए. सी जैन द्वारा विधायक लारिया का स्‍वागत करते हुए स्‍वागत भाषण दिया गया साथ ही विधायक एवं जनभागीदारी अध्‍यक्ष धर्मेन्‍द्र सिंह राठौर द्वारा किये गये गुरू सम्‍मान के लिये कृतज्ञता ज्ञापित की । कार्यक्रम के विशिष्‍ट अतिथि प्रो. जी. एल. दुबे द्वारा महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों को आशीष प्रदान करते हुए उनके उज्‍जवल भविष्‍य की शुभकामनाएं प्रेषित की गई । कार्यक्रम का संचालन भारतीय ज्ञान परम्‍परा प्रकोष्‍ठ प्रभारी डॉ. कमलेश दुबे द्वारा एवं आभार प्रदर्शन डॉ. सत्‍या सोनी द्वारा किया गया ।

Leave a Comment

Read More