
श्रावण मास की पहली सुबह: महाकालेश्वर मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भस्म आरती के लिए घंटों इंतजार
उज्जैन, 11 जुलाई।
श्रावण मास की पहली सुबह महाकाल नगरी उज्जैन में भक्तिभाव की अद्भुत छटा देखने को मिली। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के 3 बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
सावन में प्रतिदिन की अपेक्षा आज श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना अधिक रही। मंदिर प्रांगण में सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पहले से ही पुख़्ता प्रबंध किए थे, जिससे भारी भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही।
भस्म आरती के लिए 24 घंटे पहले से कतारें
श्रद्धालु गुरुवार सुबह से ही शुक्रवार की भस्म आरती के लिए लाइन में लग गए थे। सीमित प्रवेश के चलते कई भक्तों को चलित भस्म आरती से ही संतोष करना पड़ा।
सावन की पहली भस्म आरती में विधिवत पूजन के बाद भगवान महाकाल का पंचामृत से अभिषेक कर दिव्य श्रृंगार किया गया। नंदीजी का भी पूजन हुआ। इस विशेष आरती के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्रावण मास के इस पहले दिन महाकाल लोक में शिवभक्ति की गूंज, घंटे-घड़ियालों की ध्वनि और भक्तों की आस्था ने माहौल को अलौकिक बना दिया।











