
खुरई विधानसभा क्षेत्र के 12 गांवों में एकल नल योजना का काम पूरा, रोड रेस्टोरेशन भी हुआ
सागर। खुरई विधानसभा क्षेत्र के 12 ग्रामों में जल जीवन मिशन के तहत एकल नल जल योजना के कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कर लिए गए हैं। यह जानकारी पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा पूछे गए विधानसभा प्रश्न के उत्तर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने दी है।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने प्रश्न के माध्यम से जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी चाही थी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके द्वारा बताया गया है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में जल जीवन मिशन के तहत एकल नल जल योजना का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। समूह जल प्रदाय योजना का कार्य भी सभी गांवों में प्रारंभ हैं। 12 गांव ऐसे हैं जिनमें एकल नल जल योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है। इन 12 गांवों में कार्य की पूर्णता के साथ रोड रेस्टोरेशन यानि सड़क मरम्मत का काम भी पूरा हो गया है। कार्य पूर्णता वाले इन 12 गांवों में किशनगढ़ बैरागढ़, मुहली खुर्द, नगदा, गढ़ौला जागीर, बूधोन, भीलोन, बरोदिया नौनगर, सिलापरी, खैराई, सीपुर खास बिसराहा व गंभीरिया बुजुर्ग शामिल हैं।











