
बीएमसी में महिला की जान बचाने वाले डॉक्टरों की टीम को आज सम्मानित करेंगे पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह
सागर। बुंदेलखंड मेडीकल कॉलेज के प्रसूति विभाग में वेंटिलेटर पर रहते हुए सफल ऑपरेशन कर गर्भवती महिला की जान बचाने वाले सभी चिकित्सकों व मेडीकल स्टाफ की, टीम के प्रयास की पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने सराहना करते हुए सम्मानित करने का निर्णय लिया है। पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि महिला के जीवन बचाने का जो प्रयास किया वह सराहनीय है। बुंदेलखंड मेडीकल कॉलेज के डाक्टरों व टीम ने अपनी विशेषज्ञता, निर्णय लेने की क्षमता और सूझबूझ से बुंदेलखंड मेडीकल कालेज सागर के प्रति जनता का विश्वास बढ़ाया है।
उल्लेखनीय है कि पेट में मृत बच्चे और मिर्गी जैसे दौरों के साथ मरणासन्न स्थिति में बीएमसी के स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग में भर्ती कराई गई महिला की कठिन प्रयासों से वेंटीलेटर लगे होने की स्थिति में ही ऑपरेशन करके उसका जीवन बचा लेने का प्रयास सराहनीय है। गर्भवती महिला राहतगढ़ की शिफा कुरैशी पत्नी हसीन कुरैशी जब बीएमसी लाई गई थीं तब उनका शरीर लगभग मृत अवस्था में था। पल्स, ब्लडप्रेशर, श्वास जैसे जीवन के सभी चिकित्सकीय पैरामीटर उन्हें मृत बता रहे थे। बीएमसी के चिकित्सकों ने कृत्रिम श्वास (सीपीआर), ब्लड प्रेशर की दवाएं देकर वेंटीलेटर लगे होने की स्थिति में ही महिला के पेट में मृत हो चुके शिशु को निकाल कर महिला को जीवन दान दे दिया।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बुंदेलखंड मेडीकल कॉलेज के चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति के बावजूद जीवन बचाने का जो प्रयास किया वह सराहनीय है।
पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि चिकित्सकों को हमारे समाज ने ईश्वर तुल्य माना है। भाजपा सरकार ने बीएमसी जैसे चिकित्सा संस्थान की स्थापना जिन उद्देश्यों से की थी उसकी सार्थकता ऐसी व्यवस्थाओं और सुविधाओं से सिद्ध हो रही है। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्वास्थ्य मंत्री माननीय राजेन्द्र शुक्ल जी द्वारा सागर मेडीकल कॉलेज में जो चिकित्सकीय सुविधायें उपलब्ध कराई गई हैं, उससे आज गरीबों का विश्वास सारे प्रदेश व सागर के शासकीय अस्पतालों के प्रति बढ़ा है। अब गरीब शासकीय अस्पतालों में स्वस्थ हो रहे है, उन्हें अच्छा इलाज और सुविधायें मिल रही है। इन सबके बावजूद जब तक डॉक्टरों की टीम एवं मेडीकल स्टॉफ में मानवता नहीं होगी तब तक यह संभव नहीं है। मेडीकल कॉलेज के डॉक्टरों ने यह जो उदाहरण प्रस्तुत किया है। वह इस बात का प्रमाण है कि डॉक्टर एवं मेडीकल टीम अपनी क्षमता का पूरा उपयोग करें तो लोगों की जान बचाई जा सकती है। अधिकांश चिकित्सक अपने पाठ्यक्रम के पश्चात ली गई शपथ के अनुसार अपने सामने आए मरीज की जीवन रक्षा के लिए अंतिम क्षण तक संघर्ष करते हैं लेकिन उनके इस परिश्रम को समुचित प्रोत्साहन देना भी समाज और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि उपलब्धि से भरे इस सुखद प्रसंग के लिए मैं उपचार प्रक्रिया से जुड़े सभी चिकित्सकों, मेडीकल स्टाफ और बीएमसी प्रबंधन को हार्दिक बधाई देता हूं। स्वयं 8 अगस्त, शुक्रवार को बीएमसी पहुंच कर चिकित्सकों की टीम का अभिनंदन करूंगा।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने हमेशा बुंदेलखंड मेडीकल कालेज को उन्नत और दक्ष संस्थान बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। ऐसे सुखद प्रसंग हमें बताते हैं कि शासकीय अस्पताल जितने अच्छे, सशक्त होंगे व सुविधाएं बढ़ेंगी उसका गरीबों को लाभ मिलेगा। मध्यप्रदेश सरकार का प्रयास है कि शासकीय अस्पतालों को अधिक से अधिक सुविधाएं दी जाएं जिसका सीधा लाभ गरीबों को मिले। यह स्पष्ट है कि सरकार के प्रयास सही दिशा में हैं। बीएमसी प्रबंधन, चिकित्सकीय व गैर चिकित्सकीय स्टाफ के साथ हम सभी मिलकर बुंदेलखंड मेडीकल कॉलेज को मानवीय भावनाओं से भरा एक सक्षम चिकित्सा संस्थान बनाएंगे।











