
ग्राम पालकटोर में नशा मुक्ति कार्यक्रम, रैली निकालकर ग्रामीणों को किया जागरूक
सागर, 20 सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार विकासखंड शाहगढ़ की ग्राम पंचायत पालकटोर में नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, समितियों, संस्थाओं और स्व-सहायता समूहों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में आजीविका मिशन के ब्लॉक समन्वयक, स्वास्थ्य विभाग की सीएचओ एवं एएनएम, पंचायत के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य, नवांकुर संस्था सेक्टर-03 बरायठा तथा जन चेतना ग्राम विकास समिति रानीपुरा के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
इसके साथ ही आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं तथा सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर नशा मुक्ति अभियान को समर्थन दिया।
रैली के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पालकटोर में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। संगीत और जागरूकता संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली के दौरान ग्रामीणों तक यह संदेश पहुंचाया गया कि नशे की आदत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि इसका असर परिवार और पूरे समाज पर भी पड़ता है। ऐसे में सामूहिक प्रयासों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
नशामुक्त समाज बनाने की ली शपथ
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जन-जागरूकता को लगातार आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।







