पत्रकारिता में रोजगार के व्यापक अवसर, सही दिशा और दृढ़ इच्छाशक्ति से मिल सकती है सफलता : अभिनव मुखुटी

SHARE:

डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग में आयोजित हुआ ‘संवाद’ कार्यक्रम, विद्यार्थियों से साझा किए स्वतंत्र पत्रकारिता के अनुभव

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के संचार एवं पत्रकारिता विभाग में ‘संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के पूर्व छात्र एवं स्वतंत्र पत्रकार अभिनव मुखुटी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा किए।

अभिनव मुखुटी ने कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता और सोशल मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता के क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके लिए सही दिशा, दृढ़ इच्छाशक्ति और पत्रकारिता के निर्धारित मानदंडों के प्रति प्रतिबद्धता जरूरी है। यदि युवा संकल्प लेकर ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपना काम करें तो वे निश्चित रूप से सफलता हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने अपनी विभिन्न ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्वतंत्र पत्रकारिता के रास्ते में कई बार धमकियों और प्रलोभनों के जरिए पत्रकारों को काम करने से रोकने का प्रयास किया जाता है, लेकिन पत्रकार को अपने सिद्धांतों और निष्पक्षता से समझौता नहीं करना चाहिए।

‘नो फिकर समाचार’ के संपादक के रूप में किए गए कार्यों और रिपोर्टिंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 370 से अधिक संवाददाता जुड़े रहे हैं। उन्होंने स्वयं 500 से अधिक फील्ड रिपोर्टिंग की हैं, 100 से अधिक पॉडकास्ट किए हैं, चार डॉक्यूमेंट्री बनाई हैं और पुस्तक लेखन भी किया है।

कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक डॉ. विवेक जायसवाल ने अभिनव मुखुटी की विभाग में अध्ययन के दौरान से ही पत्रकारिता के प्रति सक्रियता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं।

विभाग के शिक्षक डॉ. अलीम अहमद खान ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में ऐसे युवाओं को आना चाहिए, जिनमें सेवा, समर्पण, निडरता और निर्भीकता की भावना हो। पत्रकारिता एक जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, जिसमें साहस और सच्चाई के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक है। उन्होंने विभाग के इतिहास और यहां से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. अलीम अहमद खान एवं डॉ. विवेक जायसवाल ने अभिनव मुखुटी को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। छात्रा दीपल ने अतिथि अभिनव मुखुटी का जीवन परिचय प्रस्तुत किया, जबकि विभाग के शोधार्थी दिलीप चौरसिया ने कार्यक्रम का संचालन किया।

कार्यक्रम में विभाग के शोधार्थियों सहित स्नातक एवं स्नातकोत्तर के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें