हरदी में विधिक साक्षरता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का शिविर, ग्रामीणों को मिले जरूरी दस्तावेज

SHARE:


सागर, 30 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर एम.के. शर्मा के मार्गदर्शन में तहसील गढ़ाकोटा के ग्राम हरदी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
मेगा ड्राइव के अंतर्गत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्राम हरदी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के साथ ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, विधिक सहायता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। शिविर में ग्रामीणों के आधार कार्ड, श्रमिक कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं संबल कार्ड बनाए और वितरित किए गए।
श्रमिक कार्ड और योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में गढ़ाकोटा के सिविल जज एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति अम्बर श्रीवास्तव ने श्रमिक कार्ड की उपयोगिता और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी पहचान सुनिश्चित करने में श्रमिक कार्ड महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
उन्होंने पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाले विभिन्न लाभों, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही नशा पीड़ित व्यक्तियों के लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई।
बच्चों के कानूनी अधिकारों पर भी जागरूकता
जिला विधिक सहायता अधिकारी दिव्या भलावी ने नालसा की बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं योजना एवं शिक्षा संबंधी विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी देते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत बच्चों की सुरक्षा और उनके विधिक अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
160 आधार कार्ड और 189 आयुष्मान कार्ड की कार्रवाई
शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिए दस्तावेज निर्माण एवं वितरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान—
करीब 160 आधार कार्ड बनाए गए।
50 संबल कार्ड बनाए गए।
131 आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
58 नवीन आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
कार्यक्रम में गढ़ाकोटा के सिविल जज एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति अम्बर श्रीवास्तव, जिला विधिक सहायता अधिकारी दिव्या भलावी, तहसीलदार महेश दुबे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलेंटियर युनिस खान, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें