हितग्राहियों से संवाद कर सुनीं समस्याएं, मौके पर निराकरण के दिए निर्देश; ग्रामीणों को दी गई निःशुल्क विधिक सहायता एवं मध्यस्थता की जानकारी
सागर, 22 अक्टूबर 2026।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर के निर्देशानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से गढ़ाकोटा तहसील के हरदी गांव में मेगा ड्राइव के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरदी गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया था। कार्यक्रम में योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई और ग्रामीणों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर के अध्यक्ष महेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त सचिव अरविंद श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा बंसल, जिला रजिस्ट्रार प्रीत बंसल तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी दिव्या भलावी उपस्थित रहे।
गढ़ाकोटा से सिविल जज एवं तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष अम्बर श्रीवास्तव, तहसीलदार संगीता सिंह, पैरालीगल वॉलंटियर उमेश तिवारी, यूनिस खान, देवेंद्र कुर्मी, निर्मल कुर्मी सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
हितग्राहियों से संवाद, समस्याओं के निराकरण के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
900 से अधिक ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेश कुमार शर्मा ने बताया कि मेगा ड्राइव के अंतर्गत 25 अगस्त 2026 से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक 900 से अधिक ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया है।
इनमें संबल कार्ड, आयुष्मान योजना, आधार कार्ड, सुकन्या योजना, ई-श्रम योजना, दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ शामिल है।
मध्यस्थता और निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी
प्रधान जिला न्यायाधीश महेश कुमार शर्मा ने ग्रामीणों को मध्यस्थता योजना के लाभों और इसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) और मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कानूनी सहायता का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
वहीं, सिविल जज अम्बर श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही दवाओं का सेवन करने की समझाइश दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।







