600 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने रातभर संभाला मोर्चा, 125 ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर दी दबिश
सागर। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए सागर पुलिस ने 31 अक्टूबर की रात पूरे जिले में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर फरार वारंटियों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 249 स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामीली और निराकरण की कार्रवाई की। इनमें 58 स्थाई वारंट और 191 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके साथ ही 195 गुंडा-बदमाशों एवं हिस्ट्रीशीटरों की भौतिक चेकिंग कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
रातभर चली दबिश और चेकिंग
पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर फरार आरोपियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 125 ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी सघन चेकिंग की गई।
कार्रवाई के दौरान BNSS की धारा 170 के अंतर्गत 4 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा दो अन्य मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
इन थानों में रही प्रमुख कार्रवाई
थानावार कार्रवाई में थाना बीना ने 22, थाना खुरई ने 16, थाना मोतीनगर ने 19 और थाना कैंट ने 22 वारंटों की तामीली एवं निराकरण की कार्रवाई की।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल को ब्रीफ कर अभियान संचालित किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी रात अभियान की मॉनिटरिंग की।
अपराधियों को पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा ने कहा कि फरार अपराधियों एवं वारंटियों की धरपकड़, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह के कॉम्बिंग गश्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सागर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराध एवं अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
लोकेशन – सागर
भारत न्यूज़ 24 live.com







