चोरी का खुलासा करने के बाद थाने में हुई कथित पत्रकार वार्ता, शहर के अनेक सक्रिय पत्रकारों को नहीं मिली सूचना; पुलिस की मीडिया समन्वय व्यवस्था पर उठे सवाल
सागर। अपराधों के खुलासे को लेकर पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है, ताकि पुलिस की कार्रवाई और उपलब्धियां आम जनता तक निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच सकें। लेकिन केंट थाना पुलिस की कथित पत्रकार वार्ता ने इसी समन्वय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला एक मोबाइल गोदाम में हुई चोरी का था। गोदाम मालिक की शिकायत पर पुलिस ने उसके ही दो कर्मचारियों को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया और चोरी गए इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बरामदगी का दावा किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद थाना परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आई।
लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि शहर के अखबारों और न्यूज चैनलों से जुड़े कई सक्रिय पत्रकारों को इस पत्रकार वार्ता की सूचना तक नहीं मिली। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर यह पत्रकार वार्ता किन पत्रकारों के लिए आयोजित की गई थी? क्या पुलिस का उद्देश्य कार्रवाई की जानकारी व्यापक मीडिया जगत तक पहुंचाना था या फिर चुनिंदा लोगों की मौजूदगी में औपचारिकता पूरी करना ही पर्याप्त समझा गया?
इस संबंध में जब सीएसपी ललित कश्यप से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी द्वारा पत्रकार वार्ता आहूत की गई थी। इसके बाद सवाल और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि जब पत्रकार वार्ता आयोजित की गई थी, तो शहर के अन्य प्रमुख और सक्रिय पत्रकारों तक इसकी सूचना क्यों नहीं पहुंचाई गई?
पुलिस की कार्रवाई निश्चित रूप से सराहनीय हो सकती है और चोरी का खुलासा विभाग की उपलब्धि भी है, लेकिन उपलब्धि की जानकारी मीडिया तक समान रूप से पहुंचाना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। पत्रकार वार्ता का उद्देश्य केवल कुछ लोगों को बुलाकर जानकारी देना नहीं, बल्कि मीडिया के माध्यम से जनता तक तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाना होना चाहिए।
अब बड़ा सवाल यही है कि केंट थाना पुलिस की यह पत्रकार वार्ता वास्तव में मीडिया को जानकारी देने के लिए थी या फिर पत्रकार वार्ता के नाम पर महज औपचारिकता निभाई गई? पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इस तरह की व्यवस्था पर ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में मीडिया के साथ संवाद में किसी प्रकार का भेदभाव या भ्रम की स्थिति निर्मित न हो।







