भूसे के कमरे व वाहनों में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखने,भंडारण के मामले में बोलेंपूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी

SHARE:

नियमों का उल्लंघन एवं आमजन के जीवन से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त योग्य
नहीं।

नियम विरुद्ध भंडारण की हो निष्पक्ष जांच, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई….. चौधरी

सागर जिलें की नरयावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत थाना बहेरिया के ग्राम मझगवां में भूसे के कमरे एवं बाहर खड़े वाहनों में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखने तथा उसके भंडारण किए जाने के गंभीर मामले को लेकर रविवार को मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ग्राम मझगवां पहुंचे। जहां उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली तथा घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जानकारी ली।इस दौरान सामने आया कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का खुला उल्लंघन करते हुए विस्फोटक सामग्री आवासीय परिसर के समीप रखने के साथ ही मौके पर विस्फोटक सामग्री के भंडारण से संबंधित आवश्यक चेतावनी संकेतक बोर्ड,सुरक्षा सूचना अथवा अन्य अनिवार्य जानकारी भी प्रदर्शित होती नजर नहीं आई। वहीं आबादी क्षेत्र के समीप इस प्रकार से विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया जाना स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा एवं जनजीवन के लिए गंभीर चिंता का विषय है।पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि विस्फोटक सामग्री का भंडारण शासन द्वारा निर्धारित नियमों, सुरक्षा मानकों एवं सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। इसके लिए निर्धारित सुरक्षित स्थान,आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था,चेतावनी संकेतक बोर्ड, अभिलेखों एवं अनुमति संबंधी दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। यदि इन नियमों का उल्लंघन कर आबादी क्षेत्र के समीप इस प्रकार विस्फोटक सामग्री रखी गई है तो यह अत्यंत गंभीर मामला है।श्री चौधरी ने मांग करतें हुए कहा हैं कि समूचे प्रकरण की विभिन्न पहलुओं से उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में भंडारण की अनुमति, लाइसेंस, निर्धारित सुरक्षा मानकों, विस्फोटक सामग्री की मात्रा, उसके परिवहन एवं भंडारण से संबंधित दस्तावेजों तथा जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की सूक्ष्मता से पड़ताल की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति अथवा जिम्मेदार अधिकारी नियमों के उल्लंघन एवं इस गंभीर लापरवाही के लिए दोषी पाया जाता है, उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं।श्री चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा कि नियमों का उल्लंघन, प्रशासनिक लापरवाही और आमजन के जीवन से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शासन-प्रशासन द्वारा इस गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो कांग्रेस पार्टी आमजन की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करेगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें